सरकार को कोरोना से लड़ने के बजाय जनमंच की फिक्र : सुखविंद्र सिंह सुक्खू
कांग्रेस विधायक व पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सुक्खू ने कहा कि भाजपा सरकार को कोरोना से लड़ने के बजाय जनमंच की चिंता ज्यादा है। कोविड महामारी की तीसरी लहर का खतरा अभी टला नहीं है। रोजाना 150-200 से ज्यादा नए केस मिल रहे हैं। 3-4 लोग संक्रमण से अपनी जान भी गंवा रहे। उन्होंने कहा है कि सरकार को जनमंच के जरिए राजनीति चमकाने की जगह जनता की जान बचाने को तवज्जो देनी चाहिए। अभी प्रदेश में जनता को कोविड की पहली ही डोज लगी है। दूसरी डोज लाखों लोगों को लगनी बाकी है।
सरकार को यह लक्ष्य भी जल्दी पूरा करना चाहिए। 18 साल से कम उम्र के लिए अभी टीका ईजाद नहीं हुआ है। जल्दी इनके टीकाकरण की कोई संभावना नहीं दिख रही। इसलिए सरकार को अभी जनमंच शुरू करने से बचना चाहिए। क्योंकि, इन आयोजनों से लोगों व किशोर संक्रमण की चपेट में आ सकते हैं। सुक्खू ने कहा कि प्रदेश की पात्र जनता को पहली डोज लगाने का श्रेय स्वास्थ्य कर्मियों व अग्रणी कोरोना योद्धाओं को जाता है। सरकार को पीठ थपथपाने के साथ ही इन्हें सम्मानित भी करना चाहिए। उन्होंने सरकार को सुझाव दिया कि प्रदेश में सेवा का अधिकार कानून सख्ती से लागू किया जाए। सेवा का अधिकार आयोग बनाएं। ताकि लोगों के काम तय समय पर हो सकें।
