रक्कड़ : केंद्रीय विद्यालय को रक्कड़ की बजाए और न कहीं बनाया जाए-वीरेंद्र ठाकुर
विनायक ठाकुर । रक्कड़
प्रदेश कांग्रेस किसान मोर्चा व जसवां परागपुर के कांग्रेसी नेता वीरेंद्र ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर ने एक निजी सोशल मीडिया चैनल पर कहा है कि केंद्रीय विद्यालय रिड़ी कुठेड़ा में बनेगा। हम मंत्री विक्रम ठाकुर से पूछना चाहते हैं कि चुनावी घोषणा पत्र में यह कहा था कि भाजपा की सरकार बनने पर रक्कड़ में केंद्रीय विद्यालय बनेगा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर द्वारा भी चुनावों में रक्कड़ जनसभा में केंद्रीय विद्यालय खोलने की बात कही थी। वीरेंद्र ठाकुर ने कहा कि भाजपा हमेशा झूठ की राजनीति करती है। यह घोषणा सिर्फ चुनाव जीतने के लिए थी, जिसका खमियाजा आने वाले विधानसभा चुनावों में जनता देगी।
उन्होंने कहा कि हम रिड़ी कुठेड़ा का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन अगर यह घोषणा रक्कड़ के लिए हुई है, तो रक्कड़ में खुले। हम इस मुद्दे को विधानसभा चुनावों में जनता के बीच लेकर जाएंगे। वर्तमान में रक्कड़ में तहसील कार्यालय, पुलिस थाना, ट्रेजरी, वीपीईओ, डिग्री कॉलेज, तहसील कल्याण कार्यालय व सीएचसी सहित पूर्व में कांग्रेस सरकार की देन है। अगर भाजपा द्वारा केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी उसे भी हमसे छीना जा रहा है, जो कि सरासर गलत है। अगर केंद्रीय विद्यालय की घोषणा रक्कड़ के लिए हुई है, तो रक्कड़ में ही बनना मुनासिब है।
