जयसिंहपुर: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय जयसिंहपुर में पौधारोपण अभियान सफलतापूर्वक संपन्न

जयसिंहपुर/ नरेंद्र डोगरा: कंवर दुर्गा चंद राजकीय महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग ने आज महाविद्यालय परिसर में एक विशेष पौधारोपण अभियान का आयोजन किया। इस अभियान के तहत परिसर में कई सदाबहार और मौसमी पौधों का रोपण किया गया, जिससे हरित और स्वच्छ वातावरण को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया। इस पौधारोपण में पाम, क्रोटोन, एजेलिया, पेटूनिया, जेरेनियम, कैलालिली आदि जैसे पौधों का चयन किया गया। इन पौधों को इस उद्देश्य से लगाया गया है कि ये हानिकारक गैसों को अवशोषित करने में सहायक होते हैं, पराबैंगनी किरणों से सुरक्षा प्रदान करते हैं और वातावरण को शुद्ध करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्य उपेन्द्र शर्मा द्वारा पौधारोपण के साथ हुई। इस अभियान में इंदर कुमार और पूनम शर्मा का विशेष योगदान रहा, जिन्होंने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। प्राचार्य महोदय ने वनस्पति विज्ञान विभाग की प्रो. पूनम शर्मा और रसायन विभाग के इंदर कुमार को इस सफल आयोजन के लिए बधाई और आभार व्यक्त किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य हरित एवं स्वच्छ पहल को प्रोत्साहित करना और भविष्य की पीढ़ियों के लिए बेहतर पर्यावरण सुनिश्चित करना था।