जसवां परागपुर : सरकार के नाक तले कैसे चल रहे अवैध उद्योग -मनकोटिया
विनायक ठाकुर। जसवां परागपुर
हिमाचल प्रदेश कर्मचारी कल्याण बोर्ड के पूर्व उपाध्यक्ष एवमं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी जसवां- परागपुर के अध्यक्ष ठाकुर सुरिन्द्र सिंह मनकोटिया ने रक्कड़ में एक वार्ता कर उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर पर कड़ा प्रहार करते हुए प्रश्न पूछा कि सरकार के नाक तले हिमाचल प्रदेश में अवैध उद्योग कैसे चल रहे हैं। पहले अवैध शराब की फैक्ट्री पकड़ी गई और अब पटाखे की फैक्ट्री ऊना में पकड़ी गई। क्या अवैध गोरखधंधे के कारोबार को पकडऩे के लिए मरना एक कंडीशन है? क्योंकि अगर आम जनमानस की मृत्यु न हुई होती, तो ये सभी अवैध धंधे सामने न आ पाते। बीजेपी सरकार में अवैध धंधे खूब फल-फूल रहे हैं। मनकोटिया ने पूछा कि पुलिस हेडक्वार्टर के पास अवैध शराब की फैक्ट्री चलती रही और लेबर इंस्पेक्टर के ऑफिस से मात्र डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर अवैध पटाखे की फैक्ट्री चलती रही। यह सारी अवैध फैक्ट्रियां किसके इशारे पर चलती रहीं? इनको किनकी शरण मिली हुई है? इसमें स्पष्ट तौर पर सरकार की मिलीभगत नजर आ रही है।
यह सरकार तब जागती है जब लोगों की हादसे में मृत्यु हो जाती है। मनकोटिया ने मंत्री से सवाल किया कि सारी खड्डे छलनी हो रही है , खड्डों का पानी प्रदूषित हो रहा है। 20-20 फुट के खड्डे पड़ गए हैं। 7-8 क्रैशर जसवां प्रागपुर में लग गए हैं। रिहायशी इलाकों में लुक प्लांट लग गए हैं, जो वातावरण और खड्डों को प्रदूषित कर रहे हैं। खनन मंत्री को पांच साल से इनको देखने और चैक करने का कोई चश्मा ही नहीं मिल रहा है। यह सरकार इतनी निकम्मी है कि सिवाए आश्वासनों के, यूक्रेन में फंसे युवाओं को सुरक्षित घर वापस लाने के लिए कोई कदम नहीं उठा रही है। मनकोटिया ने आगे पूछा कि क्यों सरकार बार-बार एनटीटी की ड्राफ्ट भर्ती के नियमों में बदलाव रही है? जो 4782 पोस्टर भरी जानी थी, उनमें 30प्रतिशत कोटा आंगनवाड़ी वर्कर को दिया जाए और ब्रिज कोर्स बाद में कराया जाए।
मनकोटिया ने सुझाव दिया कि ओपीएस को शीघ्र लागू किया जाए, अन्यथा जो सैलाव मंडी से चला है वह बीजेपी को बहाकर ले जाएगा। बीजेपी सरकार अपनी नाकामियों व झुठे आश्वासनों की वजह से अपनी अंतिम सांसें गिन रही है, जिस कारण यह पार्टी इस कहावत को सच साबित कर रही है। इस वार्ता में जगरूप सिंह, सुदर्शन कुमार, कुलदीप सिंह, नरेश भुट्टू, नरदेव सिंह, अश्वनी शर्मा, जैमल सिंह, कुलदीप पटियाल, सुनील सन्नी, विपन कुमार, कमलदेव आदि मौजूद रहे।
