जसवां-प्रागपुर: उत्तम संकल्प एजुकेशन लिमिटेड ने मेगा स्कूल किट वितरण कार्यक्रम का किया आयोजन
उत्तम संकल्प एजुकेशन लिमिटेड ने दो दिवसीय मेगा स्कूल किट वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया। इस कार्यक्रम का आयोजन ट्रस्ट की उपाध्यक्ष सलोचना देवी के कुशल नेतृत्व में दिनांक 16 एवं 17 फरवरी 2026 को किया गया था। इस सामाजिक पहल का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के प्राथमिक विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा के प्रति प्रेरित करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत लगभग 450 से अधिक स्कूल किट (स्कूल बैग, कॉपियाँ, पेंसिल, शार्पनर एवं रबर) का वितरण लगभग 10 प्राथमिक विद्यालयों के विद्यार्थियों को किया गया। यह वितरण कार्यक्रम बेहर, बस्सी, थेडू, जम्बल, कनोल, चपलाह तथा तियामल स्थित विद्यालयों में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का सफल संचालन कार्यक्रम समन्वयक सीए मस्तान सिंह द्वारा किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें ज्ञानार्जन एवं उज्ज्वल भविष्य की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर ट्रस्ट की उपाध्यक्ष सलोचना देवी ने अपने संदेश में कहा कि,“शिक्षा ही वह आधार है जो बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की नींव रखती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की पहल न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करती है, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा भी तय करती है।” इस आयोजन को सफल बनाने में जसवंत सिंह, शेली राजपूत, महेश जांगड़ा, राजन तथा अन्य सहयोगी सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। टीम के सामूहिक प्रयासों से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। विद्यालयों के शिक्षकों एवं स्टाफ ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक प्रेरणादायक एवं सराहनीय कदम बताया।
