जवाली : बदलाव की तरफ अग्रसर - चौधरी चन्द्र कुमार
कांग्रेस की बैठक शिवा पैलेस भनेई में ब्लॉक अध्यक्ष चैन सिंह की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष चौधरी चन्द्र कुमार व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। चौधरी चन्द्र कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बैठक में भारी जनसमूह ने साबित कर दिया है कि अब जवाली बदलाव की तरफ अग्रसर है। चौधरी चन्द्र कुमार ने कहा कि हमें हर मतभेद को भुलाकर कांग्रेस की जीत को सुनिश्चित बनाना है। उन्होंने कहा कि जवाली की जनता भाजपा राज से तंग है तथा अब बदलाव चाहती है। जवाली आज विकास के मानचित्र पर पिछड़ कर रह गया है। भाजपा विधायक ने मात्र बदले की राजनीति की है तथा मात्र चहेतों को ही राजनीतिक लाभ पहुंचा रहे हैं। जवाली की सड़कों की हालत खराब है, स्वास्थ्य व शिक्षा सुविधा जीरो है। भवनों का रंग-रोगन उखड़ चुका है। चार साल में विधायक मात्र घोषणाएं करने में ही गुजार दिया। पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में करवाए गए विकासकार्यों का लोकार्पण करने में ही गुजर गया। भाजपा राज में विस क्षेत्र जवाली महंगाई व बेरोजगारी का अड्डा बनकर रह गया है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इसका सबूतों के आधार पर खुलासा किया जाएगा।
भाजपा छोड़ ज्वाइन की कांग्रेस:
चलवाड़ा से कुलबन्त सिंह, काका पंडित व कर्नल करतार सिंह ने भाजपा को छोड़कर कांग्रेस ज्वाइन की। चौधरी चन्द्र कुमार व नीरज भारती ने उनका हार पहनाकर वेलकम किया।
