देहरा में 21 जून को होगी संयुक्त CWC बैठक एवं प्रथम अधिवेशन
भारतीय मजदूर संघ के तत्वावधान में भारतीय डाक कर्मचारी संघ ग्रुप ‘सी’, भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एमटीएस तथा भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ, देहरा मंडल द्वारा 21 जून 2026 को होटल पोंग व्यू, देहरा में संयुक्त सीडब्ल्यूसी (CWC) बैठक एवं प्रथम अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। आयोजकों ने बताया कि इस बैठक में हिमाचल प्रदेश के सभी डाक मंडलों से कर्मचारी प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी भाग लेंगे। अधिवेशन के दौरान डाक कर्मचारियों और ग्रामीण डाक सेवकों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों, कर्मचारियों की समस्याओं, विभागीय नीतियों तथा संगठनात्मक विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी।
बैठक में डाक मंडल देहरा की भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी संघ इकाई तथा भारतीय डाक कर्मचारी संघ पोस्टमैन एवं एमटीएस इकाई की नई कार्यकारिणियों का गठन भी किया जाएगा। इसके माध्यम से संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाने तथा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी रणनीति तैयार की जाएगी। अधिवेशन में 20 जुलाई 2026 से देशभर में प्रस्तावित डाक कर्मचारियों के जन आंदोलन के प्रमुख बिंदुओं, मांगों और कार्यक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा होगी। साथ ही कर्मचारियों के हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर आंदोलन की रूपरेखा और उसकी सफलता के लिए आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
आयोजकों ने प्रदेश के सभी डाक मंडलों के कर्मचारियों और पदाधिकारियों से अधिवेशन में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया है, ताकि संगठन को और अधिक सशक्त बनाया जा सके तथा कर्मचारियों की आवाज को मजबूती मिल सके।
