2 जून को सोलन आएँगे जेपी नड्डा, तिरंगा सम्मान यात्रा और कोर ग्रुप की होगी बैठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चर्चा संभव

सोलन: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री श्री जे.पी. नड्डा के आगामी 2 जून के हिमाचल प्रवास को लेकर आज होटल शिवाना हिल्स, चंबाघाट, सोलन में एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने इस प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए बताया कि नड्डा जी के इस प्रवास के दौरान भाजपा प्रदेश कोर ग्रुप की एक महत्वपूर्ण बैठक होगी। इस बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत , सह-प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, राकेश जम्वाल, सतपाल सत्ती, त्रिलोक कपूर, सुरेश चंदेल, डॉ. राजीव सैज़ल, विपिन परमार, सांसद डॉ. सिकंदर कुमार और सांसद सुरेश कश्यप सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहेंगे। डॉ. बिंदल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत भारतीय सेना द्वारा दिखाए गए पराक्रम के सम्मान में तिरंगा सम्मान यात्रा आयोजित की जाएगी, जिसका नेतृत्व स्वयं श्री जे.पी. नड्डा करेंगे। इस यात्रा में अनुराग ठाकुर, सुरेश कश्यप और जयराम ठाकुर भी शामिल रहेंगे। यह यात्रा सोलन के माल रोड से शुरू होकर पैरागॉन होटल के पास लगभग 300 से 500 मीटर की दूरी तय कर संपन्न होगी। डॉ. बिंदल ने जोर दिया कि यह यात्रा भारतीय सेना के शौर्य और राष्ट्रीय नेतृत्व के संकल्प का प्रतीक होगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 11 वर्ष के सफल कार्यकाल की भी चर्चा की, जो 9 जून को पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर "संकल्प से समृद्धि" का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का अभियान चलाया जा रहा है। डॉ. बिंदल ने कहा कि इन वर्षों में देश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली हैं, जिसमें किसानों को आर्थिक संबल, युवाओं के लिए स्टार्टअप इंडिया, और महिलाओं के लिए कल्याणकारी योजनाएं शामिल हैं, जिन्होंने देश में क्रांतिकारी परिवर्तन लाए हैं। बिंदल ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2014 में भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर थी और 'फ्रैजाइल फाइव' में गिनी जाती थी। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी के सक्षम नेतृत्व में भारत आज जापान को पीछे छोड़ते हुए दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जर्मनी के समकक्ष खड़ा है, जो जल्द ही दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करते हुए कहा कि मोदी जी ने 140 करोड़ भारतीयों को राष्ट्र निर्माण के अभियान में सहभागी बनाया है। माना जा रहा है कि इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को भी चर्चा हो सकती है। इस प्रेस वार्ता में विवेक शर्मा (प्रदेश प्रवक्ता), संजीव देष्टा (प्रदेश अध्यक्ष किसान मोर्चा), तरसेम भारती (प्रदेश संयोजक, रेहड़ी-फ़हड़ी एवं झुग्गी-झोंपड़ी प्रकोष्ठ), मनीष चौहान (प्रदेश सचिव), संजीव मोहन (ज़िला मीडिया प्रभारी), विवेक डोभाल (प्रदेश कार्यसमिति सदस्य), चंद्रकांत शर्मा (अध्यक्ष, सोलन ग्रामीण मण्डल), शैलेन्द्र गुप्ता (अध्यक्ष, सोलन शहरी मण्डल), विक्रम मट्टू एवं अरुष गुप्ता भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।