ज्वालामुखी भाजपा महिला मोर्चा की बैठक संपन्न
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
ज्वालामुखी मंडल भाजपा महिला मोर्चा की विशेष बैठक आज कथोग में मंडल अध्यक्ष सुलोचना देवी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। जिसमें दर्जनों महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं प्रदेश भाजपा सदस्य श्याम दुलारी इस मौके पर विशेष रुप से उपस्थित हुईं। मातृशक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों के लिए तैयार हो जाने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर महिला शक्ति को केंद्र और प्रदेश सरकार की सभी नीतियों कार्यक्रमों और जनकल्याणकारी योजनाओं से रू-ब-रू कराया गया और संकल्प लिया गया कि हर गांव में छोटे से छोटे बूथ तक जाकर केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यक्रमों का प्रचार प्रसार किया जाएगा, ताकि लोगों को पता चल सके कि मोदी और जयराम की सरकार की जुगलबंदी ने किस तरह से समाज के हर वर्ग के उत्थान के लिए काम किया है।
कोरोना संकटकाल हो या अन्य प्राकृतिक आपदाएं हो दोनों सरकारों ने आगे बढ़कर मानवता की सेवा की है। इसलिए हिमाचल प्रदेश में मिशन रिपीट को साकार करने के लिए धरातल पर पसीना बहाने की जरूरत है। इसलिए मातृशक्ति और युवा शक्ति के बगैर किसी भी मंजिल को हासिल करना नामुमकिन सा लगता है। देश के 5 राज्यों में से 4 में भाजपा ने सत्ता में वापसी मातृशक्ति के आशीर्वाद और युवाओं के सहयोग से ही प्राप्त की है। इसलिए मातृशक्ति ने आज शपथ ली है कि आने वाले विधानसभा चुनावों में भारी बहुमत से भाजपा प्रत्याशी की विजय सुनिश्चित की जाएगी।
