ज्वालामुखी : सिद्ध ज्वाला दुर्गा मूर्ति का मनाया गया जन्मोत्सव
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
शक्तिपीठ ज्वालामुखी मंदिर में आज सिद्ध ज्वाला देवी स्वरूप माता की मूर्ति का जन्मोत्सव मनाया गया। आज ही के दिन ज्वाला माता के स्वरूप की स्थापना की गई थी। पुजारी वर्ग व मंदिर अधिकारी तहसीलदार दीनानाथ यादव ने ज्वाला माता मूर्ति की विधिवत पूजा-अर्चना कर भोग प्रसाद लगाया। पुजारी महासभा प्रधान अविनेंद्र शर्मा ने बताया कि फाल्गुन मास कृष्ण चतुर्थी को ही माता ज्वाला के सिद्ध स्वरूप की स्थापना मंदिर परिसर में की गई थी। आज का दिन माता का बिशेष जन्मोत्सव के रूप में मनाया जाता है और माता का भव्य श्रृंगार किया जाता है और बिशेष पूजा-अर्चना व प्रसाद भोग लगाया जाता है। पुजारी द्वारा प्रतिदिन माता को भोग प्रसाद व पूजा-अर्चना की जाती है।
उन्होंने सभी को माता के जन्मदिवस की बधाई दी और माता से प्रार्थना की है कि सभी भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण हो और सभी के जीवन मे खुशियों के फूल खिलें। मंदिर अधिकारी दीनानाथ ने बताया कि आज माता ज्वाला के सिद्ध दुर्गा स्वरूप का जन्मोत्सव मनाया गया और माता से प्रार्थना की है कि सभी के जीवन में सुख शांति समृद्धि बनी रहे और कोरोना महामारी का हमेशा के लिए अंत हो और शांतिपूर्वक व्यवस्था निरंतर चलती रहे। आज फाल्गुन माह में भक्तों की भीड़ भी मंदिर में बढ़ रही है और श्रद्धालु सभी सुविधाओं से मंदिर में दर्शन कर रहे हैं।
