कांगड़ा :संसारपुर में बेखौफ चोरों का आतंक, एक ट्रक चोरी, दो अन्य को ले जाने में हुए नाकाम
पुलिस थाना संसारपुर टैरस के अंतर्गत एक ट्रक चोरी होने का मामला सामने आया है। वहीं अज्ञात चोरों ने दो अन्य ट्रकों को भी चोरी करने का प्रयास किया, लेकिन वे उन्हें ले जाने में सफल नहीं हो सके।
जानकारी के अनुसार, दी ग्रीन वैली गुड्स कैरियर, संसारपुर टैरस की तीन गाड़ियों को रविवार रात करीब 11 बजे के बाद चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने तीन ट्रकों में से एचपी-36बी-2410 (10 टायर) ट्रक, जिसके मालिक अखिल जसरोटिया निवासी सुल्याह हैं, को संसारपुर टैरस में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के समीप से चोरी कर लिया।
इसके अलावा चोरों ने एचपी-38डी-3777 ट्रक, जिसकी मालिक अंजना कुमारी निवासी जौड़बड़ हैं, को भी चोरी करने का प्रयास किया। इसके लिए उन्होंने चालक की ओर का शीशा तोड़ दिया, लेकिन ट्रक स्टार्ट नहीं कर पाए और मौके से फरार हो गए।
इसी दौरान चोरों ने एचपी-68-6003 ट्रक, जिसके मालिक संजीव कुमार निवासी पक्का टियाला हैं, का भी शीशा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तथा ट्रक का जीपीएस सिस्टम क्षतिग्रस्त कर दिया। हालांकि, किसी कारणवश वे इस ट्रक को भी चोरी नहीं कर सके।
रविवार रात सिलसिलेवार तरीके से एक ट्रक चोरी होने और दो अन्य ट्रकों को चोरी करने के प्रयास से ट्रक यूनियन के सदस्यों में चिंता का माहौल है। जिस स्थान पर वारदात हुई, वह औद्योगिक क्षेत्र के बीचोंबीच स्थित है। आसपास एक बैंक, मंदिर और कई बड़े औद्योगिक प्रतिष्ठान भी मौजूद हैं।
सोमवार सुबह जब चोरी हुए ट्रक के मालिक मौके पर पहुंचे तो ट्रक वहां से गायब मिला। इसके बाद उन्होंने अपने स्तर पर ट्रक की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगने पर घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही संसारपुर टैरस थाना पुलिस ने थाना प्रभारी संजय शर्मा के नेतृत्व में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित मार्गों पर भी जांच की जा रही है, ताकि चोरी में शामिल आरोपियों का जल्द पता लगाया जा सके।
ट्रक यूनियन के उपप्रधान राकेश कुमार ने बताया कि एक ट्रक चोरी हुआ है। उन्होंने कहा कि पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि चोरों ने वारदात को किस प्रकार अंजाम दिया।
डीएसपी डाडासीबा राजकुमार ने बताया कि ट्रक चोरी मामले में आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच में जुटी हुई है।
