कांगड़ा : सीवरेज लाइन के विस्तार के लिए 32 करोड़ की डीपीआर तैयार
मनोज कुमार/ कांगड़ा
विधायक पवन काजल ग्राम पंचायत दौलतपुर में सात लाख रुपए की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का शिलान्यास किया। उन्होंने जन सभा को संबोधित करते हुए कहा कि कांगड़ा नगर के साथ जुड़ती सभी पंचायतों को सीवरेज व्यवस्था के साथ जोड़ा जाएगा। हलेडकलां,जोगीपुर, ललेह,वीरता, कछियारी, घुरकड़ी और साथ लगते ग्रामीण क्षेत्रों में सीवरेज लाइन के विस्तार के लिए 32 करोड़ रुपए की डीपीआर तैयार की गई है। विधानसभा के बजट सत्र में प्राथमिकताएं योजना के अंतर्गत प्रदेश सरकार से इस योजना की स्वीकृति के लिए बजट की सिफारिश करेंगे। उन्होंने कहा इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जहां विकास को नई दिशा मिलेगी,वहीं ग्रामीण क्षेत्रों की सफाई व्यवस्था भी चाक-चौबंद होगी। काजल ने कहा दौलतपुर से हार जलाडी, नंदरुल को जोडऩे के लिए बनेर खड्ड पर पुल का निर्माण कार्य शुरू है। पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह द्वारा साढ़े तीन करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले इस पुल का शिलान्यास करने के बावजूद भाजपा शासन में कछुआ चाल निर्माण कार्य होने से ग्रामीणों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व कांग्रेस शासन में दौलतपुर पंचायत में राजकीय आईटीआई का निर्माण करवाया गया, साथ ही गांव के विकास पर लगभग 50 लाख रुपए खर्च किए जा चुके हैं। काजल ने गांव के 9 महिला मंडलों को दस -दस हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी जारी की। इस मौके पर पंचायत समिति सदस्य सुनीता देवी, जसवंत भण्डारी, सतीश सोनी पूर्व उप प्रधान, संतोष कुमारी पूर्व प्रधान आदि सदस्य उपस्थित रहे।
