कांगड़ा : साढ़े चार साल से शारीरिक शिक्षकों का एक भी पद नहीं भर सकी सरकार-संदीप घई
मनोज कुमार। कांगड़ा
बेरोजगार शारीरिक शिक्षक अध्यक्ष संदीप घई ने ऑनलाइन मीटिंग के माध्यम से सरकार से गुहार लगाई कि आपके साढ़े चार साल बीत चुके, मगर आपने शारीरिक शिक्षकों का अभी तक एक भी पद नहीं भरा है। उन्होंने कहा कि मेरी मुख्यमंत्री से विनम्र विनती है कि अब देर न की जाए, क्योंकि अधिकतर शारीरिक शिक्षक ओवरेज होने की कगार पर हंै व कई हो चुके हैं। सभी को सरकार से आस है कि 870 पद, जो आपने भरने की नोटिफिकेशन जारी की थी, वह भी अब कोर्ट में लटकी हुई है। सरकार से निवेदन है कि आठ मार्च को उसकी सुनवाई होने जा रही है, जिसमें कि सरकार अपना पक्ष जोरदार तरीके से रखे और बेरोजगार शारीरिक शिक्षकों को राहत प्रदान करे। उन्होंने कहा कि कांगड़ा कुल्लू जिले में बैकलॉग के पदों को भी भरा जाए, वह भी लंबे समय से लटके हुए हैं। संदीप घई ने कहा कि हम सरकार के मंत्रियों विधायकों और मुख्यमंत्री से मिलकर थक चुके हैं, अब हमें मुख्यमंत्री से ही आस है कि वह अब हमारे हक की लड़ाई लड़े। मुख्यमंत्री से निवेदन करता हूं कि बजट सत्र में कम से कम 1130 पद और जोड़े जाएं ओर 870 पदों पर जो आपने नोटिफिकेशन की है, उनमें ऐड कर दिया जाए। 2000 पदों पर बैच वाइज भर्ती होनी चाहिए, वैसे भी आपने सात अक्तूबर 2018 को 2000 पदों को भरने का वादा किया था। मुख्यमंत्री पर पूरा भरोसा है कि वह अब 2000 पदों पर शारीरिक शिक्षकों की भर्ती करवाएंगे। इस मौके पर संघ के प्रधान संदीप घई की अध्यक्षता में ऑनलाइन मीटिंग में सैकड़ों युवा जुड़े।
