कांगड़ा :सामाजिक समरसता ही विकसित भारत की सशक्त आधारशिला: डॉ. सुकृत सागर
भारतीय जनता पार्टी के "समरसता संकल्प अभियान" के तहत गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. सुकृत सागर ने देहरा विधानसभा क्षेत्र की बंगोली पंचायत स्थित गुरु रविदास मंदिर में दीप प्रज्वलित कर सामाजिक समरसता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के साथ समरस समाज के निर्माण का संकल्प भी लिया।
डॉ. सुकृत सागर ने कहा कि भारतीय संस्कृति की मूल भावना समाज को एक सूत्र में जोड़ने की रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा का समरसता संकल्प अभियान समाज में समानता, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता ही एक सशक्त, समृद्ध और विकसित भारत की आधारशिला है तथा जब समाज के सभी वर्ग बिना किसी भेदभाव के साथ आगे बढ़ेंगे, तभी राष्ट्र निरंतर प्रगति करेगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी "सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास" के मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग को जोड़कर समरस और विकसित भारत के निर्माण के लिए कार्य कर रही है। समरसता संकल्प अभियान इसी सोच को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है।
डॉ. सुकृत सागर ने सभी नागरिकों से अभियान से जुड़कर सामाजिक समरसता, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को मजबूत बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि समरस समाज ही विकसित भारत की सबसे मजबूत नींव है।
