पालमपुर महाविद्यालय में कारगिल हीरो कैप्टन विक्रम बत्रा को किया गया याद
पालमपुर : शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में आज भारत माता के महान सपूत परम वीर चक्र विजेता कैप्टन विक्रम बत्रा(1974-1999) को उनकी 47 जयंती पर नमन किया गया । इस अवसर पर उन्हें महाविद्यालय के प्राचार्य डा प्रदीप कौण्डल व उनके पिता गिरधारी लाल बत्रा व माता कमल कांता बत्रा व स्टाफ के अन्य सदस्यों ने श्रद्धा सुमन अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के मुख्यअतिथि कैप्टन विक्रम बत्रा के माता-पिता को एनसीसी केडिट्स ने एस्कॉर्ट किया। इस कार्यक्रम की शुरुआत सरस्वती वन्दना व दीप प्रज्जवलित कर हुई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ प्रदीप कौण्डल ने कहा कि कैप्टन विक्रम बत्रा को उनके अनुकरणीय साहस और मातृ भूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। भारत के इतिहास मे उनका नाम अमर रहेगा। हम सभी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर मातृ भूमि की सेवा के लिए सदा तत्पर पर रहना चाहिए। इस अवसर पर उनके माता-पिता और भाँजे ईशान को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया। शहीद कैप्टन विक्रम बत्रा के पिता गिरधारी लाल बत्रा ने कैप्टन विक्रम बत्रा की वचपन की यादों व उनके बहादुरी के किस्सों को साझा किया। महाविद्यालय के छात्रों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
