खुंडिया: ग्राम पंचायत सुरानी में कल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित
ग्राम पंचायत सुरानी में वीरवार को एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों को हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान वेल्फेयर अधिकारी खुंडिया मुजुल ठाकुर व उनके सहयोगी प्रीतम चन्द ने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, एकल नारी योजना, राष्ट्रीय परिवार सहायता योजना सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता, लाभ एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में लोगों को अवगत करवाया। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर पंचायत सचिव सुरानी उदय सिंह, पंचायत के पूर्व प्रधान बीरबल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में ग्रामीणों ने योजनाओं से संबंधित अपनी जिज्ञासाओं को रखा, जिनका मौके पर ही समाधान किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं की सही जानकारी पहुँचाना तथा उन्हें सामाजिक सुरक्षा से जोड़ना रहा।
