पालमपुर : कुड्डन गौ सदन से आवारा पशुओं से निजात दिलाने में मिलेगा लाभ-त्रिलोक कपूर
फर्स्ट वर्डिक्ट। पालमपुर
कुड्डन गौ सदन पूरे पालमपुर विधानसभा क्षेत्र को भी आवारा पशुओं से निजात दिलाने में फलीभूत होगा, उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर ने कुड्डन गौ सदन और रठां, गोपालपुर के धनोटा में ट्यूबवेल का लोकार्पण और बैजनाथ से सुजानपुर बया मौलीचक बस रूट में बस को हरी झंडी देने के उपरांत अपने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहे। कपूर ने कहा कि पालमपुर विधानसभा में गौ सदन खुलने से आसपास के क्षेत्र के लोगों को आवारा पशुओं से बहुत बड़ी निजात मिलेगी और पशुओं को भी अपना घर मिल जाएगा। इसके साथ साथ विभिन्न क्षेत्रों में हमारी सरकार द्वारा खोले गए अनेक ट्यूबवेल से पानी की बहुत बड़ी समस्या का समाधान भी हुआ है और आज उसी कड़ी में 3 नए ट्यूबवेल का उद्घाटन करने का मुझे सौभाग्य प्राप्त हुआ है।
कपूर ने कहा कि मौलीचक ग्राम पंचायत के लोगों की बहुत पुरानी मांग थी कि बैजनाथ से सुजानपुर जाने वाली बस को बया मौलीचक चलाया जाए। आज प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर परिवहन मंत्री विक्रम ठाकुर के विशेष आशीर्वाद से इस बस रूट को भी जनता के लिए समर्पित किया गया। कपूर ने आज विधानसभा में लोकार्पण किए गए कार्यों के लिए प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पशुपालन मंत्री विरेंद्र कबंर, परिवहन मंत्री विक्रम सिंह ठाकुर और संबंधित विभाग के अधिकारियों का जहां आभार व्यक्त किया, वही स्थानीय लोगों को भी बधाई दी।
