कुल्लू: मनाली में दे*ह व्यापार का भंडाफोड़, मामलें में 5 गिरफ्तार, 4 महिलाएं रेस्क्यू
हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की पर्यटन नगरी मनाली में पुलिस टीम ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मामले में 3 महिलाओं और 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, 4 महिलाओं को भी रेस्क्यू किया है। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पर्यटन स्थल मनाली में अब अनैतिक देह व्यापार की गतिविधियाँ सामने आने लगी हैं। मनाली की सड़कों पर युवक और युवतियाँ इस गलत काम में शामिल पाए गए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए मनाली पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, माल रोड़ से सटे कुछ इलाकों में देह व्यापार जैसी गतिविधियाँ चल रही थीं। इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस टीम ने योजना बनाकर छापेमारी की। इस दौरान देह व्यापार में शामिल कुछ महिला और पुरुषों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही वहाँ मौजूद अन्य महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया, मनाली पुलिस ने देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस टीम ने मामले में 3 महिलाओं और 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में से एक महिला दिल्ली की रहने वाली है और अन्य दो महिलाएं पंजाब की रहने वाली है। वहीं, एक युवक जिला कुल्लू का और दूसरा युवक जम्मू का रहने वाला है। एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अभियोग संख्या 209/2025 दिनांक 22.12.2025 अंतर्गत धारा 4 व 5 अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम और धारा 143 बीएनएस–2023 के तहत पुलिस थाना मनाली में मामला दर्ज किया गया है। वही इस मामले में पुलिस द्वारा आगामी कार्रवाई की जा रही है।
