कुनिहार : एसवीएन विद्यालय कुनिहार का दसवीं परीक्षा का परिणाम रहा शत-प्रतिशत
एसवीएन विद्यालय कुनिहार का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी शत-प्रतिशत रहा। विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल देखने को मिला। यह जानकारी विद्यालय अध्यक्ष टीसी गर्ग ने दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय के छात्रों ने गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और समर्पित शिक्षण पद्धति को सिद्ध किया है।
परीक्षा परिणाम में आदित्य ने 700 में से 673 अंक प्राप्त कर विद्यालय में पहला स्थान हासिल किया। सौरभ ने 666 अंक लेकर दूसरा तथा आंचल ने 665 अंक लेकर तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं केरवी ने 660 अंक प्राप्त कर चौथा, कृतिका ठाकुर ने 658 अंक लेकर पांचवां तथा तेजस ने 657 अंक लेकर छठा स्थान हासिल किया।
आदित्य ने गणित, विज्ञान व कंप्यूटर विषय में 100 में से 100 अंक लिए। वहीं आंचल ने गणित विषय में 100 में से 100,सौरभ, सक्षम,रितिका, चाहत ने कंप्यूटर विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए।
इसके अलावा विद्यालय के कई अन्य विद्यार्थियों ने भी 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय और अपने अभिभावकों का नाम रोशन किया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग से यह सफलता संभव हो पाई है।
विद्यालय प्रधानाचार्य नीति चौधरी ने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए विद्यालय की निरंतर प्रगति की कामना की। इस अवसर पर विद्यालय निदेशक लूपिन गर्ग, उप प्रधानाचार्य गुरप्रीत बाजवा, पीटीए अध्यक्ष हेमंत शर्मा, समन्वयक रामेश्वर ठाकुर सहित अभिभावकों और शिक्षकों के योगदान की सराहना की गई।
