कुनिहार : गांव बानी के पूर्व ए एस आई गोपाल सिंह का निधन, पुलिस वैलफेयर एसोसिएशन ने जताया दुख

विकास खण्ड कुनिहार के गांव बानी के 76 वर्षीय पूर्व ए एस आई गोपाल सिंह का मंगलवार शाम उनके घर गांव बानी में निधन हो गया। जिससे परिवार सहित पुलिस पेंशनरों व पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। गोपाल सिंह कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। आज भारी बारिश के बीच चिसवा के श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। जहां कुनिहार थाना से पहुंचे विभागीय कर्मचारियों ने उन्हें अंतिम सम्मान के साथ विदा किया। विभागीय कर्मचारियों ने उनके देह पर शॉल व पुष्प अर्पित कर उन्हें अंतिम विदाई दी। धनीराम तनवर संयोजक एवं वरिष्ठ मुख्य सलाहकार पुलिस पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन जिला सोलन व अन्य पुलिस पेंशनरों ने गोपाल सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया। धनीराम तनवर ने कहा कि हम सभी पेंशनर गोपल सिंह की आत्मा की शांति व परिवार को इस दुख को सहन करने की शक्ति देने की भगवान से प्रार्थना करते हैं। उन्होंने कहा कि गोपाल सिंह 1974 में पुलिस में भर्ती हुए थे और विभाग में अपनी 33 वर्षों की सेवाओं के बाद 2007 में ए एस आई के पद से रिटायर होकर घर आए थे। धनीराम तनवर ने सभी पेंशनरों की तरफ से एस पी सोलन, डी एस पी व एस एच ओ कुनिहार सहित पुलिस कर्मचारियों का पूर्व पुलिस कर्मचारी के निधन पर अंतिम सम्मान प्रदान करने के लिए आभार व्यक्त किया है।