पालमपुर : पिछले 8 वर्षों में देश व प्रदेश का अथाह विकास-शांता
प्रतिमा राणा। पालमपुर
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार ने कहा आजादी के 75 वर्षाें में सभी सरकारों ने विकास का प्रयत्न किया है। पिछले 8 वर्षों में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जो भी अधिक से अधिक हो सकता है, वह भारत में किया, बहुत विकास हुआ है। इसके बाद भी बढ़ती आबादी तथा कुछ और कारणों से अभी गरीबी और पिछड़ापन है। सभी जगह सब सुविधाएं नहीं है। उन्होंने कहा भारत में कुल 5 लाख मंदिर है। मंदिरों की आय भारत सरकार की आय से भी कई गुणा अधिक है। भारत के सभी मंदिरों की कुल अर्थ व्यवस्था 3 लाख करोड़ की है। नकद धन के साथ सोने का दान भी बहुत अधिक होता है। 2021 में तिरूपति मंदिर में 3 हजार करोड़ नकद और 6 हजार करोड़ का सोना दान में आया था। दक्षिण के कुछ मंदिरों में सदियों से पड़ा हुआ सोना बंद तालों में रखा है, किन्हीं कारणों से खोला तक नहीं गया। शांता कुमार ने कहा कुछ मंदिर अपनी आय का जनता के लिए बढ़िया उपयोग करते है।
एक मंदिर विश्वविद्यालय चला रहा है, कुछ और भी जन कल्याण के काम कर रहे हैं, परंतु सभी मंदिर ऐसा नहीं कर रहे। मंदिरों में धन और संपत्ति भी देश की है। यदि कुछ मंदिर जन कल्याण का काम कर सकते हैं, तो बाकी मंदिरों को भी ऐसा करने के लिए सरकार को प्रेरित करना चाहिए और आवश्यकता हो तो कानून भी बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा भारत में कम से कम 100 ऐसे बड़े मंदिर है, जो भारत सरकार के एम्स की तरह के बड़े हस्पताल चला सकते हैं। बाकी सभी मंदिर जन कल्याण के छोटे काम कर सकते हैं। सरकार इस पर विचार करे।
देश के 100 बड़े मंदिरों को एम्स की तरह के 100 अस्पताल, जिनमें गरीबों का ईलाज मुफ्त हो चलाने के लिए बाध्य किया जाए, बाकी देश के प्रत्येक मंदिर की आय के अनुसार छोटी या बड़ी गौशाला चलाएं। इस निर्णय से पूरे देश को स्वास्थ्य सुविधा मिलेगी और पूरे देश में सड़क पर कोई गाय आवारा नजर नहीं आएगी। गाय को माता मानने वालों को शर्मिंदा नहीं होना पड़ेगा। इन दो अति महत्वपूर्ण कामों को पूरा करने के लिए सरकार को कुछ खर्च नहीं करना पड़ेगा।
