पालमपुर : महिला मंडल 34000 पौधे रोपित करके समाज को एक नई प्रेरणा देने का काम करेंगे -त्रिलोक कपूर
प्रतिमा राणा। पालमपुर
पालमपुर के महिला मंडल 34000 पौधे रोपित करके समाज को एक नई प्रेरणा देने का काम करेंगे उक्त शब्द भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर ने पालमपुर में पंजीकृत 340 महिला मंडल कीर्तन सहेलियों को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। कपूर ने कहा कि वन मंडल अधिकारी डॉ नितिन पाटील से आग्रह किया है कि पालमपुर के 340 महिला मंडल आने वाले समय में प्रत्येक महिला मंडल 100 पौधे रोपित करेगा, जिसके लिए आवश्यक पौधों की व्यवस्था की जाए। कपूर ने कहा कि इस प्रकार का प्रयास पालमपुर की धरती में नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में पहली बार होगा, जब इकट्ठे 340 महिला मंडल 100-100 पौधों को रोपित करके उनके संरक्षक वन कर खड़े रहेंगे। भाजपा नेता ने कहा कि समाज और क्षेत्र में बदलाव की कुंजी मातृशक्ति के हाथों में रहती है और अगर मातृशक्ति ने समाज में कुछ रचनात्मक कार्यों को क्रियान्वित करने का संकल्प ले लिया, तो निश्चित रूप से उसके परिणाम भी उतने ही सार्थक रहते हैं।
भाजपा नेता कपूर ने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में उनके द्वारा जो भी अलग से जो कुछ भी करने के प्रयास किए गए हैं, उसके परिणाम बहुत सफल रहे हैं। कपूर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण विषय को एक अभियान में लिया गया, जिसमें कामगार कल्याण बोर्ड के साथ-साथ पंचायती राज से जुड़े हर अधिकारी और कर्मचारी का भी भरपूर सहयोग मिला और जिसका गवाह प्रदेश के श्रम एवं उद्योग मंत्री विक्रम ठाकुर और बोर्ड के चेयरमैन डॉ राकेश बबली की मौजूदगी में 14 तारीख को पालमपुर के सबसे बड़े विशाल कैप्टन विक्रम बत्रा विशाल मैदान में जुटी भीड़ थी, लेकिन दूसरी तरफ कांग्रेस के विधायक और उनके साथी गण प्रेस वार्ता करके कामगार कल्याण बोर्ड में बन रही कॉपियों को अदालत में चुनौती देने का ढिंढोरा पीट रहे थे।
भाजपा नेता कपूर ने उपस्थित सभी कीर्तन सहेलियों से यह भी आग्रह किया है कि जुलाई माह के दूसरे और चौथे रविवार को हर महिला मंडल शाम 4 बजे भजन कीर्तन का आयोजन करेगा और उसके बाद एक विशेष प्रतिस्पर्धा का आयोजन भी किया जाएगा। प्रदेश महामंत्री कपूर ने कहा कि पिछले कुछ समय से महिलाओं के अलग-अलग कार्यक्रम पालमपुर में आयोजित किए गए हैं, लेकिन हर कार्यक्रम में महिलाओं की अपार भीड़ नजर आई है और आज भी इस कार्यक्रम में अपेक्षा से भी ज्यादा मातृशक्ति ने यहां आकर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है। इससे यह स्पष्ट है कि जिस प्रकार से मातृशक्ति बुलंद आवाज और आत्मविश्वास के साथ खुलकर आगे आ रही है, उससे पालमपुर में बदलाव और प्रदेश की राजनीति में रिवाज बदलना निश्चित है।
