मंडी: बिजली चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा भाजपा नेता, विभाग ने लगाया इतना जुर्माना
जिला मंडी के सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में बिजली चोरी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जिसमें भारतीय जनता पार्टी से जुड़े एक स्थानीय नेता को बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने रंगे हाथों पकड़ा है। विभागीय जांच में बिजली चोरी के साक्ष्य मिलने के बाद आरोपी पर करीब एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जिसे मौके पर ही डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से विभाग को जमा करवा दिया गया।
जानकारी के अनुसार, बिजली विभाग को लंबे समय से उनके परिसर में लगे मीटर की खपत को लेकर संदेह था, क्योंकि खपत का ग्राफ लगातार असामान्य रूप से कम दर्ज हो रहा था, जबकि 125 यूनिट मुफ्त बिजली सुविधा के बावजूद मीटर रीडिंग शून्य के आसपास बनी हुई थी। इसी आधार पर बिजली विभाग की फ्लाइंग स्क्वॉड टीम ने सहायक अभियंता और एसडीओ की मौजूदगी में अचानक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि मुख्य सर्विस पीवीसी वायर को पंचर कर मीटर को बायपास किया गया था और सीधे अवैध कनेक्शन के माध्यम से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान बिजली चोरी से संबंधित सभी साक्ष्य एकत्र किए गए और पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी करवाई गई, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद न उत्पन्न हो।
बिजली विभाग के अनुसार, आरोपी लगभग एक वर्ष से बिजली चोरी कर रहा था, जिसके चलते विभाग को आर्थिक नुकसान हुआ। नियमों के तहत कार्रवाई करते हुए विभाग ने बिजली चोरी का केस दर्ज किया और लगभग एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया। आरोपी ने मौके पर ही अपनी गलती स्वीकार करते हुए डिमांड ड्राफ्ट के माध्यम से जुर्माने की राशि जमा करवा दी।
