कांगड़ा : फसलों की पैदावार को लेकर चिंतित किसानाें काे विधायक ने पहुंचाई राहत
मनोज कुमार। कांगड़ा
पिछले दस महीने से अपनी फसलों की पैदावार को लेकर चिंतित ग्राम पंचायत ढूगियारी के ग्रामीणों को आखिर विधायक पवन काजल ने राहत पहुंचाई है। 12 जुलाई, 2021 को मांझी घाट में आए प्रलयकारी बाढ़ से दुगियारी पंचायत की सिंचाई कुहल तहस-नहस हो गई थी। किसानों को खेतों तक खड़का पानी न पहुंचने के चलते फसलों की पैदावार की चिंता सताने लगी थी। कई बार स्थानीय प्रशासन जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर से भी लिखित सिंचाई कुहल की मरम्मत की मांग के बावजूद प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब किसानों ने धान की रोपाई अपने खेतों में करनी है। ऐसे में बिना पानी के यह फसल लगाना संभव नहीं था। पंचायत प्रतिनिधियों की अगवाई में ग्रामीण विधायक पवन काजल से मिले और उन्हें अपना दुखड़ा सुनाया।
विधायक काजल ने कहा कि इन सिंचाई कूहल की मरम्मत करवाने की मांग वो विधानसभा के सत्र में भी सरकार से कर चुके हैं और कई बार जिला प्रशासन को भी लिखित तौर पर इनकी मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर करवाने का आग्रह किया, लेकिन अभी तक सिंचाई कूहल की मरम्मत का एस्टीमेट तक विभाग बनाने में नाकाम रहा है। काजल ने अपने निजी खर्च पर जेसीबी लगाकर लगातार चार दिन में कार्य कर मंगलवार को कूहल में पानी बहाल करवा कर किसानों को राहत पहुंचाई। इस कूहल में पानी बहाल होने से गांव की लगभग 300 कनाल भूमि में अब किसान अपनी फसल की पैदावार कर सकेंगे। उन्होंने कहा अस्थाई तौर पर सिंचाई कूहल को बहाल करवा दिया गया है और शीघ्र ही इसे कंक्रीट से पक्का करवाया जाएगा।
ग्राम पंचायत ढुगियारी वार्ड पंच राजयंति देवी, कूहल के नव निर्माण खुदाई के काम के पूर्ण होने से लाभांवित ग्रामीण हंस राज, सैनो देवी, सुरिंदर कुमार, अजय कुमार, रिंकू कुमार, देव राज, संजय कुमार, रीना कुमारी, आशा देवी व जीवना देवी ने विधायक पवन काजल का आभार जताते हुए कहा कि दस महीने बाद उनके खेतों को सिंचाई के लिए पानी नसीब हुआ है। अब वो धान की फसल लगा सकेंगे। ग्रामीणों ने कहा शीघ्र ही गांववासी विधायक पवन काजल को सम्मानित करेंगे।
