मंड सनौर और पराल पंचायत पहुंचे विधायक मलेंद्र राजन
विधायक मलेंद्र राजन ने गुरुवार को अपने निवास कार्यालय में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने ग्राम पंचायत सनौर के मंड सनौर और ग्राम पंचायत पराल का दौरा कर लोगों से संवाद किया तथा क्षेत्र की विकास योजनाओं की समीक्षा की।
मंड सनौर में विधायक ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला का निरीक्षण किया और बताया कि क्षेत्र में जल्द ही नया विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाएगा। वहीं पराल पंचायत में उन्होंने बाढ़ संभावित स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने, आपदा प्रबंधन किटों का प्रशिक्षण लेने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
विधायक ने पराल पंचायत के विकास कार्यों के लिए 5 लाख रुपये की राशि देने और ओपन जिम स्थापित करने की घोषणा करते हुए कहा कि किसी भी पंचायत के विकास कार्य धन के अभाव में नहीं रुकेंगे। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा पुल की लगभग 7 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार हो चुकी है और औपचारिकताएं पूरी होने के बाद जल्द शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा मौकी में 33 केवी विद्युत उपकेंद्र का कार्य शुरू हो चुका है तथा पराल में दो नए विद्युत ट्रांसफार्मर भी जल्द लगाए जाएंगे।
विधायक मलेंद्र राजन ने चिट्टा तस्करी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने पर जोर देते हुए लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को विधानसभा क्षेत्र की सभी पंचायतों में पौधरोपण अभियान चलाया जाएगा और सभी नागरिकों से कम से कम एक पौधा लगाकर उसके संरक्षण का संकल्प लेने का आग्रह किया। इस दौरान उन्होंने पराल पंचायत में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम में एसडीएम डॉ. सुरिन्द्र ठाकुर, डीएसपी संजीव यादव, बीडीओ सुदर्शन सिंह, नायब तहसीलदार पवन कुमार, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र मनकोटिया, सनौर पंचायत प्रधान अनूप कटोच, पराल पंचायत प्रधान केवल कृष्ण, उपप्रधान रिम्पी कुमार, बीडीसी सदस्य विनोद कुमार, सभी वार्ड सदस्य तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
