किसानों का दिल्ली कूच: शंभू बॉर्डर पर हंगामा, स्थिति तनावपूर्ण
** पुलिस ने किसानों पर ड्रोन से आंसू के गोले दागे
** दिल्ली में एक महीने के लिए धारा 144 लागू
फसलों के न्यूनतम समर्थन मूल्य की गारंटी, स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशें लागू करने एवं अन्य मांगों को लेकर दिल्ली कूच कर रहे किसानों को पुलिस द्वारा शंभू बॉर्डर पर रोकने से यहां स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। शंभू बॉर्डर से कुछ किमी पहले पुलिस ने उन पर ड्रोन से आंसू के गोले दागे हैं। चारों ओर धुआं ही धुआं है। पुलिस किसानों को दिल्ली जाने से रोक रहे हैं तो वहीं किसान दिल्ली जाने की मांग पर अड़े हैं।
किसानों को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने कई जगह तगड़ी नाकेबंदी की है। पुलिस व प्रशासन द्वारा जगह-जगह बैरिकेड लगाए गए हैं और कांटेदार तारों से फेंसिंग की गई है, ताकि किसान दिल्ली न पहुंच सकें। अंबाला का शंभू बॉर्डर किसानों को रोकने के लिए पहली दीवार है। अगर किसान इसे पार कर भी जाते हैं तो आगे भी कई ऐसी जगह हैं जहां उन्हें रोकने की तैयारी की गई है।
वहीं, दिल्ली में उक महीने के लिए धारा 144 लागू कर दी गई है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले किसानों का यह आंदोलन केंद्र सरकार के लिए बड़ा सिर दर्द साबित हो सकता है।
शंभू बॉर्डर से दिल्ली 215 किमी दूर
शंभू बॉर्डर से दिल्ली 215 किमी दूर है। किसानों को रोकने के लिए सरकार ने शंभू बॉर्डर पर सड़क पर नुकीली कीले बिछाई हैं। इसके अलावा बड़ी-बड़ी कंक्रीट और सीमेंट की दीवारें उन्हें रोकने के लिए लगाई गई हंै। इसके अलावा भारी पुलिस बल बॉर्डर पर तैनात किया गया है।