Uniform Civil Code: उत्तराखंड में आज से लागू होगा UCC, सीएम करेंगे पोर्टल और नियमावली का शुभारंभ

उत्तराखंड, आज एक ऐतिहासिक क्षण का गवाह बनने जा रहा है क्योंकि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू होने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज मुख्य सेवक सदन में यूसीसी पोर्टल और नियमावली का औपचारिक लोकार्पण करेंगे, जिसके साथ राज्य ने इस महत्वपूर्ण कानून को लागू करने के लिए सारी तैयारियाँ पूरी कर ली हैं। इसके बाद, उत्तराखंड, देश का पहला राज्य बन जाएगा, जो समान नागरिक संहिता लागू करेगा।
समान नागरिक संहिता की दिशा में यह यात्रा 27 मई 2022 को एक विशेषज्ञ समिति के गठन से शुरू हुई थी। समिति ने अपनी रिपोर्ट 2 फरवरी 2024 को सरकार को सौंपी, और उसके बाद 8 मार्च 2024 को विधानसभा में विधेयक पारित किया गया। राष्ट्रपति की मंजूरी मिलने के बाद 12 मार्च 2024 को इस अधिनियम पर अंतिम मुहर लगी, और अब इसे पूरी तरह से लागू किया जा रहा है। यूसीसी को लागू करने के लिए तकनीक आधारित व्यवस्थाओं का भी निर्माण किया गया है, जिसमें नागरिकों और अधिकारियों के लिए एक ऑनलाइन पोर्टल विकसित किया गया है। इस पोर्टल पर अब विवाह, तलाक, लिव-इन, लिव-इन से अलग होना और विरासत के मामलों का ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा।
20 जनवरी को यूसीसी की नियमावली को अंतिम रूप देने के बाद, कैबिनेट ने इसे पास किया, और इस पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन के लिए विभिन्न स्तरों पर मॉक ड्रिल्स की गईं। शुक्रवार को हुई मॉक ड्रिल के बाद अब पोर्टल पूरी तरह से तैयार है, और आम नागरिकों और अधिकारियों के लिए उपयोग में लाया जा सकता है। मुख्यमंत्री का लोकार्पण समारोह आज दोपहर 12:30 बजे होगा, जिसके बाद यूसीसी के नए नियमों के तहत विभिन्न सेवाओं का लाभ लिया जा सकेगा।