देहरा : पुनणी के राजेश कुमार को एनडीआरएफ ने किया सम्मानित
विनायक ठाकुर। देहरा
प्रकृति का कहर हो या युद्ध का मोर्चा। देश की सेना का तत्पर, सहयोगी और संवेदनशील व्यवहार नागरिकों की उम्मीदें ही नहीं, जीवन भी सहेजता रहा है। गत वर्ष मध्यप्रदेश के गुना जिला में बारिश ने कोहराम मचा दिया था। जिससे पार्वती नदी में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति बन गई थी। इस दौरान राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की मदद से बचाव अभियान चलाया गया था। उस दौरान 11वीं बटालियन एनडीआरएफ की टीम में विकास खंड परागपुर के गांव पुनणी निवासी राजेश कुमार भी शामिल थे, जिसमें राजेश कुमार ने मुस्तैदी से आपदा में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। अतः पार्वती नदी जिला गुना मध्य प्रदेश में द्वीप पर फंसे 145 पीड़ितों के बचाव के दौरान सराहनीय प्रदर्शन के लिए राजेश कुमार को राष्ट्रीय आपदा मोचन बल गृह मंत्रालय भारत सरकार द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
