हिमाचल में अगले एक सप्ताह तक भारी बारिश का अलर्ट

हिमाचल प्रदेश में मानसून सक्रिय हो गया है और मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अगले एक सप्ताह तक राज्य के कई हिस्सों में भारी बारिश जारी रहने का अलर्ट जारी किया है। आपदा की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कमर कस ली है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार 29 जून को राज्य के कई भागों में अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। 27, 28, 30 जून, और 1 से 3 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया गया है।अगले 48 घंटों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ी वृद्धि की संभावना नहीं है। इसके बाद, अगले 2-3 दिनों में राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान शिमला और सिरमौर जिलों के कुछ जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में हल्की से मध्यम बाढ़ का खतरा है।मानसून सीजन में संभावित बाढ़ और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने लोगो से संवेदनशील क्षेत्रों इलाको में न जाने की अपील की है। इस दौरान कोई भी व्यक्ति नदियों, नालों और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से न जाएं।