केवल सिंह पठानिया ने संभाला उप मुख्य सचेतक का पदभार
हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा के शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया ने गुरुवार को उप मुख्य सचेतक का पदभार संभाला। उन्होंने पदभार ग्रहण करने पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर कृषि और पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार, आयुष, युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री यादविंद्र गोमा, नाहन से विधायक अजय सोलंकी और प्रदेशभर से पहुंचे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कांग्रेस सरकार में कई अहम पदों पर दायित्व निभाया। पठानिया ने वर्ष 2012 से 2017 तक हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम में भी सदस्य के तौर पर सेवाएं दीं। वर्ष 2012 में हिमाचल पथ परिवहन निगम के उपाध्यक्ष भी रहे। इसके अलावा उन्होंने एनएसयूआई और कांग्रेस पार्टी के लिए पंजाब, चंडीगढ़, राजस्थान, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश और गोवा में भी काम किया। केवल सिंह पठानिया की खेल गतिविधियों में भी विशेष रुचि रही है। वह प्रदेश की हॉकी टीम के कप्तान भी रहे हैं और राष्ट्रीय स्तर पर पांच बार राज्य का प्रतिनिधित्व किया है।