पीएम मोदी ने सुक्खू सरकार को लिया आड़े-हाथों, कहा-पड़ोसी राज्य में है जनता परेशान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक और तेलंगाना में कांग्रेस सरकारों पर जमकर हमला बोला। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सुक्खू सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पड़ोस में जनता परेशान है। विकास और जन कल्याण के सारे काम बंद पड़े हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में जनता से किए गए वादे पूरे नहीं किए जा रहे हैं। कर्नाटक का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वहां बिजली, दूध और बस का किराया बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर जनता पर तरह-तरह के टैक्स लगाने का भी आरोप लगाया। तेलंगाना में भी कांग्रेस सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार अपने वादे भूल गई है और जंगलों में बुलडोजर चला रही है। उन्होंने कहा कि इससे प्रकृति को नुकसान हो रहा है और जानवरों को खतरा पैदा हो गया है। पीएम मोदी ने भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा करती है, जबकि कांग्रेस केवल कुर्सी के बारे में सोचती है। उन्होंने कहा कि भाजपा का मॉडल सत्य के आधार पर और बाबा साहेब अंबेडकर के मार्ग पर चल रहा है। उन्होंने विकसित भारत के सपने को साकार करने के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की।