न मेरे पास कैबिनेट है न अधिकारी, न पैसा मेरे पास आता है : कंगना
मंडी सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत रविवार को मंडी जिला के विभिन्न आपदग्रस्त क्षेत्रों में पहुंची। कंगना रनौत ने कहा कि मंडी आने के बाद यहां की स्थिति देख काफी दुख हुआ। काफी नुकसान हुआ है। सराज में कंगना ने कहा कि यहां लोगों के पास कुछ भी शेष नहीं बचा है। अपने उजड़े हुए घरों को लोग बड़ी मायूसी से देख रहे हैं, यह झकझोर कर रख देने वाला दृश्य है। उन्होंने कहा वह केंद्र सरकार से आपदा प्रभावितों के लिए स्पेशल रिलिफ पैकेज की मांग रखेंगी और प्रभावितों के पुर्नवास और पुर्नस्थापना की गुहार भी लगाएंगी।
मेरे पास अपना न तो कोई फंड, न अधिकारी और न ही कोई कैबिनेट
कंगना ने सराज विधानसभा क्षेत्रों के आपदा प्रभावित इलाकों का दौरा किया। इस दौरान पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर भी उनके साथ मौजूद रहे। कंगना ने थुनाग बाजार को हुए नुकसान का जायजा लिया और यहां प्रभावितों से मुलाकात करके उनका दुख दर्द साझा करने का प्रयास किया। कंगना ने कहा कि मेरे दो भाई हैं जो साथ-साथ चले रहते हैं। मैं पहुंच तो जाती हूं, मेरा काम है केंद्र से राहत कोष लेकर आना, मेरे पास अपना न तो कोई फंड है नहीं, न कोई अधिकारी हैं और न ही कोई कैबिनेट है। सांसद के काम सीमित होता है, हम भी पहाड़ी हैं, हिमाचली हैं।
सुक्खू सरकार पर साधा निशाना
कंगना ने प्रदेश सरकार पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचारी सरकार काम कर रही है। 2023 कि आपदा में भी केंद्र सरकार ने जो हजारों करोड़ रूपए भेजे उसे प्रदेश सरकार ही डकार गई। कांग्रेस के नेताओं ने ये धंधा बना लिया है। अब भी केंद्र से जो रिलिफ आएगी वो भी प्रभावितों तक पहुंच नहीं पाएगी। ऐसे में वो एक स्पेशल समिति के गठन का सुझाव देगी , ताकि निगरानी रखी जा सके।
