रेलवे कर्मचारियों को बड़ा तोहफा, मिलेगा 1 करोड़ का दुर्घटना बीमा

भारतीय रेलवे ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) के साथ एक समझौता किया है। आपको बता दें की इसके तहत SBI वेतन खाता धारक रेलवे कर्मचारियों को 1 करोड़ रुपये का दुर्घटना बीमा मिलेगा। यह भारतीय रेलवे द्वारा अपने कर्मचारियों के लिए उठाया गया ऐतिहासिक कदम है। सोमवार को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव की मौजूदगी में भारतीय रेलवे और एसबीआई के बीच इस संबंध में समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस योजना का लाभ रेलवे के करीब 7 लाख कर्मचारियों को मिलने वाला है।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा
अश्विनी वैष्णव ने इस समझौते को कर्मचारियों के हित में लिया गया ऐतिहासिक कदम बताया और यह भी कहा कि यह योजना रेलवे परिवार के प्रति सरकार की संवेदनशीलता व प्रतिबद्धता को दिखाती है।
पहले बहुत ही कम बीमा कवर
अभी तक रेलवे कर्मचारी को केंद्रीय सरकारी कर्मचारी समूह बीमा योजना (CGEGIS) के तहत बीमा कवर मिलता था। यह राशि बहुत ही कम थी। आपको बता दें कि ग्रुप-ए कर्मचारियों को 1.20 लाख रूपए, ग्रुप-बी कर्मचारियों को 60,000 रूपए और ग्रुप-सी कर्मचारियों को केवल 30,000 रूपए का बीमा कवर मिलता था। लेकिन अब रेलवे और SBI के बीच समझौता होने से यह कवर कई गुना बढ़ चुका है। इससे कर्मचारियों को बहुत राहत मिलने वाली है।
इस समझौते से फायदा
इस समझौते के मुताबिक कर्मचारियों को दुर्घटना मृत्यु पर 1 करोड़ रुपये का बीमा कवर दिया जायेगा। साथ ही प्राकृतिक मृत्यु होने पर भी कर्मचारियों को 10 लाख रुपये का बीमा कवर दिया जायेगा। आपको बता दें कि इसमें सबसे ख़ास बात यह है कि इस बीमा कवर के लिए कर्मचारियों को कोई भी प्रीमियम देने की जरुरत नहीं है और ना ही किसी भी तरह की मेडिकल जांच कराने की जरुरत होगी।
इसके साथ और भी कई पूरक बीमा लाभ भी दिए जायेगें। जैसे की हवाई दुर्घटना के लिए बीमा कवर 1.60 करोड़ रुपये, रुपे डेबिट कार्ड पर अतिरिक्त 1 करोड़ रुपये तक, स्थायी पूर्ण विकलांगता पर 1 करोड़ रुपये तक, स्थायी आंशिक विकलांगता पर 80 लाख रुपये तक का कवर दिया जायेगा।
सात लाख कर्मचारी लाभान्वित
भारतीय रेलवे ने जानकारी दी है कि करीब सात लाख कर्मचारी, जिनके वेतन खाता SBI में हैं, उन्हें इस योजना का लाभ मिलेगा। यह सुविधा ग्रुप-सी कर्मियों को बड़ी राहत देने वाली है, जो रोज जोखिम लेकर रेलवे सेवाओं को सुचारू रूप से चलाने में सहायता करते हैं।