निर्मला सीतारमण ने हिमाचल को पुनर्वास के लिए आर्थिक मदद देने का किया एलान
** हिमाचल को आपदा से निपटने के लिए मोदी सरकार देगी मदद
हिमाचल प्रदेश के लिए केंद्रीय बजट 2024 में बड़ी घोषणा हुई है। केंद्र सरकार ने बिहार ही नहीं, हिमाचल प्रदेश के लिए भी बड़ी घोषणा की और साल 2023 में भारी बारिश की वजह से आई आपदा को लेकर मदद का ऐलान किया है। केंद्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में बजट पेश करते हुए यह ऐलान किया है। हालांकि, कितने रुपये की मदद की जाएगी, इसका जिक्र घोषणा में नहीं किया गया है। बाढ़ से निपटने के लिए केंद्र सरकार विभिन्न राज्यों को 11,500 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि बाढ़ और बारिश से प्रभावित प्रस्तावित परियोजनाओं के निर्माण के लिए मदद करेगी। संसद में बजट भाषण के दौरान वित्तमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को बाढ़ प्रबंधन के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। हालांकि, हिमाचल को अन्य मामलों में निराशा हाथ लगी है। कांगड़ा के गग्गल एयरपोर्ट के विस्तार के लिए मोदी सरकार की तरफ से कोई घोषणा नहीं की गई है। सरकार ने इसके लिए बजट की मांग की थी। साथ ही सेब उत्पादन शुल्क को लेकर भी कुछ घोषणा नहीं हुई है। गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश को बीते साल 2023 में मॉनसून सीजन में 12000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ था। इस दौरान तीन हजार से अधिक घर पूरी तरह से गिर गए थे, जबकि 12 हजार से अधिक घरों को नुकसान हुआ था। साल 2023 में आई सदी की सबसे बड़ी आपदा में 509 लोगों की जान गई थी। हिमाचल प्रदेश सरकार ने आपदा के लिए 4500 करोड़ रुपये का आर्थिक पैकेज भी घोषित किया था। वहीं, मौजूदा सीजन में अब तक बारिश से 200 करोड़ रुपये तक का नुकसान हो चुका है।