हिमाचल में क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए पर्यटकों का जूट रहा हुजूम, विभाग दे रहा ये ऑफर
कोरोना महामारी के दौरान औंधे मुँह गिरे हिमाचल के पर्यटन कारोबार को इस साल पंख लग गए हैं। मध्य दिसंबर तक होटलों में ऑक्यूपेंसी 75 फीसदी से अधिक है। साथ ही क्रिसमस और न्यू ईयर के जश्न के लिए अधिकतर होटलों में बुकिंग हो गई है। अब तक 50 फीसदी बुकिंग क्रिसमस और न्यू ईयर के लिए हुई है, क्योंकि इस बार क्रिसमस और न्यू ईयर एक ही सप्ताह में आ रहे हैं, ऐसे में हिमाचल में रेकॉर्ड पर्यटक आने की संभावना है। हिमाचल प्रदेश पर्यटन निगम के प्रबन्ध निदेशक अमित कश्यप ने बताया कि नवंबर माह तक करीब 1 करोड़ 40 लाख पर्यटक हिमाचल पहुँचा है । इसमें विदेशी पर्यटकों की मात्रा 26 हज़ार है। कोरोना के बाद विदेशी पर्यटकों की संख्या में कमी दर्ज की जा रही हैं। लेकिन घरेलू पर्यटकों की संख्या में काफी उछाल आया है। उम्मीद की जा रही है कि इस बार हिमाचल में पर्यटकों की संख्या पिछले सारे रेकॉर्ड तोड़ सकती है। पर्यटकों को लुभाने के लिए पर्यटन निगम कई आकर्षक विशेष पैकेज भी लाया है, जिसमें 24 हज़ार 900 रुपए में निगम के होटलों में 4 दिन व रात का विशेष पैकेज रखा गया है।
