ज्वालामुखी : डीएवी भड़ोली स्कूल में आयोजित एनएसएस कैंप संपन्न
विनायक ठाकुर। ज्वालामुखी
डीएवी भड़ोली में सात दिवसीय एनएसएस कैंप का आज समापन धूमधाम से हुआ। इसमें 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने एनएसएस वालंटियर के रूप में अपनी सहभागिता दर्ज करवाई। अंतिम दिन कि शुरुआत गायत्री मंत्र उच्चारण से की गई। बच्चों के द्वारा रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए, जिसमें बच्चों ने मिलकर नाटी करके सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सुरजीत कुमार राणा ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि इन सात दिनों में आपने जो कुछ भी सीखा, उन्हें अपने दैनिक जीवन की दिनचर्या में लाने के लिए आह्वान किया।
इस कैंप का मुख्य उद्देश्य अपनी आने वाली पीढ़ी को सभ्य, सुसंस्कृत, चरित्रवान, अनुशासित करना तथा उनमें भाईचारे की भावना, समाज सेवा व देश के प्रति प्रेम की भावना को उजागर करना था। शैक्षणिक सत्र में बच्चें अभिप्रेरणा व्याख्यान के लिए एकत्रित हुए और मुख्यातिथि का स्मृति चिन्ह देकर स्वागत किया। नादौन क्षेत्र के मिनी सचिवालय में कार्यरत वकील केशव गोस्वामी ने स्वयंसेवकों को बताया कि वे स्वयं भी एक एनएसएस स्वयंसेवक रह चुके हैं। आज उन्हें अपने बीते दिन याद आ गए। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वरोजगार के विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में अवगत कराया। इस प्रकार दिन के कार्यक्रम का समापन सकारात्मक रूप में किया गया।
