नूरपुर : फिन्ना सिंह नहर व चैक डैम बनने से बदलेगी नूरपुर की तस्वीर - राकेश पठानिया
वन, खेल एव युवा मामले मंत्री राकेश पठानिया ने सोमवार को नुरपुर में जन संवाद किया। इस संवाद कार्यक्रम के तहत गुरचाल, ममूह, गही, लंगोड आदि पंचायतों के वार्डों में मंत्री लोगों से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने लोगों की समस्याओं को सुना व अधिकारियों से चल रहे कार्यों की जानकारी ली। जनसंवाद के दौरान उन्होंने लोगों से कहा कि लोगों के खेतों व घर-घर तक पानी पहुंचाना उनका एकमात्र लक्ष्य हैं। इसके लिए 750 करोड़ से बनने वाली फिन्ना सिंह नहर का कार्य अंतिम चरण पर है। इसके अतिरिक्त पंचायतों में चैक डैम बनाए जा रहे हैं। नहर व चैक डैम बनने से किसानों के खेतों तक आसानी से पानी पहुंचेगा जिससे बागवान व किसानों की फसल अच्छी होगी और इलाके की तस्वीर भी बदलेगी।
राकेश पठानिया ने कहा कि भविष्य में इस इलाके में सब्जी मंडी खोलने के प्रयास भी किए जाएंगे ताकि किसान घर के नजदीकी अपने फल व सब्जियां बेच सकें। पठानिया ने बताया कि नूरपुर को खेल नगरी में बदलने के लिए वह लगातार कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 10 करोड से बनने वाले इंडोर स्टेडियम का कार्य युद्ध स्तर पर है और साढ़े 7 करोड़ से बनने वाले सिंथेटिक ट्रेक का कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। 3 करोड़ व 13 लाख से बनने वाले शॉपिंग कंपलेक्स का कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेल के साथ जोड़ने के लिए हर पंचायतों में ग्राउंड बनाए जाएंगे ताकि युवा नशे से दूर रहकर खेलों के जरिए अपनी प्रतिभा दिखा सके। गुरचाल पंचायत में 70 लाख से बनने वाले खेल के मैदान का निर्माण भी जोरों पर है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इलाके में सड़क स्वास्थ्य योजना व बिजली के कार्य भी जोरों पर है। बिजली की नई तारे लगाई जा रही है व छोटे ट्रांसफार्मर को हटाकर बड़े ट्रांसफार्मर रखे जा रहे हैं।
