नूरपुर: अवैध खनन के विरुद्ध पुलिस की सख्त कार्रवाई, जेसीबी व चार ट्रैक्टर जब्त
अवैध खनन गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस जिला नूरपुर द्वारा खनन एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में पिछले 24 घंटों के दौरान पुलिस जिला नूरपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में संवेदनशील स्थानों पर विशेष चेकिंग अभियान और नाकाबंदी की गई। इस कार्रवाई के दौरान अवैध खनन में संलिप्त एक जेसीबी मशीन और चार ट्रैक्टरों को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
इसके अलावा, अवैध खनन और खनन सामग्री के अवैध परिवहन में शामिल व्यक्तियों के खिलाफ पांच चालान भी किए गए हैं। नूरपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कानून का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
