धर्मशाला : राष्ट्रपति के आगमन पर शहर में यूं रहेगी यातायात व्यवस्था
सर्किट हाउस की ओर वाहनों को जाने की नहीं होगी अनुमति
बाधित रहेंगे कई मार्ग, पुलिस द्वारा की गई अल्टरनेट व्यस्था
पंकज सिंगटा। धर्मशाला
10 जून 2022 को राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में शिरकत करने जा रहे है। इसके मध्यनजर 10 और 11 जून को भारत के प्रथम नागरिक की सुरक्षा के दृष्टिगत धर्मशाला शहर में यातायात व्यवस्था हेतु 9,10 व 11 जून के लिए कई परिवर्तन किए गए हैं।
कांगड़ा पुलिस प्रशासन द्वारा जारी गाइडलाइंस के अनुसार
09, 10 व 11 जून को शहीद स्मारक धर्मशाला से सर्किट हाउस-चीलगाड़ी मार्ग आम वाहनाें के लिए प्रतिबंधित रहेगा। इस मार्ग पर रहने वाले लोगों के जिन वाहनों के लिए पास जारी किए गए हैं केवल वही वाहन एक निर्धारित समय तक उस मार्ग पर चल पाएंगे। इसी के साथ माता कुणाल पथरी मार्ग की तरफ आने वाले वाहनों को जवाहर नगर होते हुए को सकोह बाजार से कुनाल पत्थरी मंदिर संपर्क मार्ग द्वारा भेजा जाएगा। मान चाय फैक्ट्री व नगरोटा की तरफ जाने वाले वाहनों को कैंची मोड़ नजदीक मैक्सिमस मॉल से होते हुए नगरोटा की तरफ भेजा जाएगा। वाहनों का सर्किट हाउस की तरफ जाना प्रतिबंधित रहेगा। किसी भी वाहन को सर्किट हाउस के नजदीक जाने की अनुमति नहीं होगी।
राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान कुछ मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। जैसे शहीद स्मारक धर्मशाला से सर्किट हाउस चीलगड़ी मार्ग, शहीद स्मारक धर्मशाला से बीएड चौक, शाहिद स्मारक से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैदान, कैंची मोड़ नजदीक मैक्सिमम मॉल से सर्किट हाउस और चाय फैक्ट्री नगरोटा, गांधी चौक से रेडक्रॉस चौक होते हुए कचहरी अड्डा वाया केसीसी बैंक चौक से शहीद स्मारक मार्ग प्रतिबंधित रहेंगे।
इसी के साथ राष्ट्रपति के आवागमन के दौरान यातायात को कुछ स्थानों पर रोका जाएगा। इसमें गगल से आने वाले भारी वाहनों को होटल मिड-वे नजदीक चैतड़ू स्थित नाका पर रोका जाएगा, पालमपुर जाने वाले यातायात को चरान खड्ड चौक पर रोका जाएगा और मैकलोडगंज, कोतवाली बाजार, धर्मशाला व घरोह से आने वाले यातायात को गांधी चौक पर रोका जाएगा।
यदि इस दौरान वाहनों का जमावड़ा अधिक हो जाता है तो इसके मध्यनजर भी व्यवस्था की गई है। धर्मशाला से गगल जाने वाले वाहनों को वाया घरोह, बनाेई व पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर भेजा जाएगा और गगल से धर्मशाला जाने वाले वाहनाें काे चैतडू़ चाैक व शीला मार्ग पर भेजा जाएगा।
इसके अतिरिक्त पुलिस प्रशासन द्वारा कुछ पर आमजन का सहयोग अपेक्षित किया गया है। पुलिस द्वारा आमजन से निवेदन किया गया है कि कोई भी वाहन बिना अनुमति के सर्किट हाउस की ओर ना जाए, चील गाड़ी मार्ग पर रहने वाले स्थाई व अस्थाई निवासियों से निवेदन है कि कृपया अपने वाहन सर्किट हाउस की ओर न ले जाएं तथा अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा न करें।
इसके अतिरिक्त पुलिस प्रशासन द्वारा धर्मशाला के समस्त निवासियों से निवेदन किया गया है कि वे अपने वाहनों को सड़क किनारे खड़ा न करें, बल्कि अपनी गाड़ियों को व्यक्तिगत पार्किंग या धर्मशाला के सार्वजनिक पार्किंग स्थलों पर खड़ा करना सुनिश्चित करें, चील गाड़ी मार्ग पर कोई भी व्यक्ति अपना दुपहिया या चौपहिया वाहन खड़ा न करें। निर्देशों का पालन न करने की सूरत में उक्त वाहनाें को हटाने के लिए क्रेन का प्रयोग किया जाएगा।
पुलिस द्वारा कहा गया कि यह मामला अति संवेदनशील व्यक्ति की सुरक्षा से जुड़ा होने के कारण सभी से निवेदन किया जाता है कि सभी इस कार्यक्रम के दौरान ट्रैफिक और कानून व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।
