पालमपुर : पीएम मोदी का धर्मशाला में रोड शो के लिए संगठनात्मक जिला पालमपुर तैयार- परमार
प्रतिमा राणा। पालमपुर
प्रधानमंत्री मोदी की धर्मशाला में रोड शो के लिए संगठनात्मक जिला पालमपुर तैयार है। उक्त शब्द विधानसभा के अध्यक्ष एवं रोड शो के प्रभारी विपिन सिंह परमार ने पालमपुर में संगठनात्मक जिला पालमपुर के भाजपा अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित जिला पालमपुर की बैठक के उपरांत एक प्रेस विज्ञप्ति में कहे। परमार बताया कि धर्मशाला में दुनिया के नेता और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के धर्मशाला आगमन पर उनके भव्य स्वागत के लिए धर्मशाला में एक रोड शो का आयोजन सुनिश्चित किया गया है और आज आयोजन को भव्य बनाने के लिए संगठनात्मक जिला पालमपुर की एक विशेष बैठक बुलाई गई थी।
उन्होंने कहा कि इस बैठक में निर्णय लिया गया कि संगठनात्मक जिला पालमपुर के चारों विधानसभा क्षेत्रों से एक-एक हजार की संख्या में कार्यकर्ता मोदी के स्वागत के लिए धर्मशाला जाएंगे। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल के लिए बहुत गौरव की बात है कि प्रधानमंत्री मोदी हिमाचल को अपना दूसरा घर मानते हैं और हिमाचल से उनका विशेष प्यार है और उसी तरह हिमाचल के लोग भी उनसे उतना ही प्यार करते हैं, उनके दौरे को लेकर हमेशा की तरह इस बार भी लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं में गजब का उत्साह है।
इस मौके पर भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं कांगड़ा चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी त्रिलोक कपूर, बैजनाथ के विधायक मुल्ख राज प्रेमी, जयसिंहपुर के विधायक रविंदर धीमान, संगठनात्मक जिला पालमपुर के अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, पर्यटन प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष विनय शर्मा, संगठनात्मक जिला पालमपुर से प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य, जिला के महामंत्री एवं कार्यकारिणी के सदस्य और चारों मंडलों के अध्यक्ष और महामंत्री मौजूद रहे।
