सिरमौर : इटरनल यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के लिए हुआ ओरिएंटेशन प्रोग्राम का आयोजन
इटरनल यूनिवर्सिटी में नए छात्रों के लिए ओरिएंटेशन प्रोग्राम का सफल आयोजन किया गया। इस वार्षिक कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के वातावरण, संकाय सदस्यों, नियमों और परिसर की संस्कृति से परिचित कराना है। इसे हर वर्ष नियमित कक्षाओं के शुरू होने से पहले आयोजित किया जाता है, ताकि छात्र-छात्राएँ सहज रूप से विश्वविद्यालय के शैक्षणिक और सामाजिक माहौल में अभ्यस्त हो सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के माहौल, शैक्षणिक प्रणाली और उपलब्ध संसाधनों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें विश्वविद्यालय के अधिकारियों, संकाय सदस्यों और कर्मचारियों से मिलवाया गया, साथ ही पाठ्यक्रम संरचना, कक्षाओं की कार्यप्रणाली और मूल्यांकन प्रक्रिया के बारे में बताया गया। छात्रों को पुस्तकालय, कंप्यूटर लैब, खेल सुविधाएँ, तथा अन्य आधारभूत संरचनाओं के साथ-साथ विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले आध्यात्मिक कार्यक्रमों और गतिविधियों से भी अवगत कराया गया।
इस अवसर पर कलगीधर ट्रस्ट के प्रेज़िडेंट डॉ. दविंदर सिंह ने छात्राओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ आध्यात्मिक पथ पर अग्रसर होने की प्रेरणा दी। उन्होंने संस्था के इतिहास और संतों के योगदान पर प्रकाश डाला तथा सभी नई छात्राओं का उत्साहपूर्वक स्वागत किया।
डॉ. नीलम कौर ने भी छात्राओं का स्वागत करते हुए उन्हें एक आदर्श, चरित्रवान और अनुशासित विद्यार्थी बनने का संदेश दिया। विश्वविद्यालय के वाइस चांसलर ने सभी डीन और डायरेक्टर्स का परिचय कराया तथा उनके द्वारा दी जाने वाली शैक्षणिक और प्रशासनिक सेवाओं का उल्लेख किया।
मंच संचालन डॉ. अम्बिका शर्मा और डॉ. निविआ ने किया। इस दौरान विश्वविद्यालय की एक विशेष प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत की गई, जिसमें संस्थान की उपलब्धियों, विशेषताओं और शैक्षणिक माहौल का विस्तार से परिचय कराया गया।
