पालमपुर : रिद्धिमा ने कहा परमार अंकल थैंक्यू
फर्स्ट वर्डिक्ट /पालमपुर
''परमार अंकल थैंक्यू'' अचानक मंच पर पहुंची एक छोटी बच्ची ने यह शब्द बोले तो, विधानसभा अध्यक्ष ने उसे गले लगा लिया। 6 वर्षीय रिद्धिमा भाटिया, बुधवार को नगनाल (पुन्नर) में गुरु रविदास जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में अचानक मंच पर पहुंची। लड़की के बारे में पता करने पर बताया गया कि रिद्धिमा जन्म से बोलने तथा सुनने में असमर्थ थी। रिद्धिमा बोल और सुन सके इसका ऑपरेशन करवाने के लिए विधानसभा अध्यक्ष ने सहायता कर निशुल्क कॉक्लियर इम्प्लांट लगवाया था। रिद्धिमा के बोलने और सुनने से माता मोनिका और पिता प्रेम चन्द भाटिया बहुत खुश हैं। उन्होंने लाखों रुपए कॉकलियर इम्प्लांट करवाने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा विधान सभा अध्यक्ष विपिन सिंह का धन्यवाद किया। रिद्धिमा के पिता ने बताया कि वे दिल्ली में ड्राइवर के रूप में किसी निजी कंपनी में कार्यरत हैं और निर्धन परिवार से सम्बंधित हैं। बेटी को लेकर बहुत चिंतित थे और जन्म के बाद से ही अस्पतालों के चक्कर काट रहे थे। निर्धन होने के कारण उनके पास 5 से 6 लाख रुपए इस ऑपरेशन के लिए नहीं थे। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष को समस्या बताई तो विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत उनकी बेटी का निःशुल्क ऑपरेशन के लिए सहायता उपलब्ध करवाई और अप्रैल 2019 में कॉकलियर इम्प्लांट का सफल आपरेशन हो गया।
