पालमपुर: हिमालय जैवसंपदा संस्थान में आयोजित हुआ IISF-2025 कर्टेन रेज़र कार्यक्रम
हिमालय जैवसंपदा प्रौद्योगिकी संस्थान, पालमपुर (हि.प्र.) ने इंडिया इंटरनेशनल साइन्स फेस्टिवल (आई.आई.एस.एफ)-2025 के कर्टेन रेज़र कार्यक्रम का आयोजन संस्थान परिसर में बड़े उत्साह के साथ किया। संस्थान के निदेशक डॉ. सुदेश कुमार यादव ने प्रतिभागियों का स्वागत किया, जिनमें आसपास के क्षेत्रों के स्कूल और कॉलेजों के छात्र भी शामिल थे। उन्होंने बताया कि आई.आई.एस.एफ -2025 का आयोजन 6 से 9 दिसंबर 2025 तक पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में किया जाएगा तथा इसका उद्देश्य विज्ञान को उत्सव के रूप में मनाना है, जो जिज्ञासा और सीखने को बढ़ावा देता है। डॉ. यादव ने छात्रों को इस राष्ट्रीयआयोजन में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला के भौतिकी विभाग के प्रोफेसर डॉ. शशि धीमान थे। उन्होंने भारत के वैज्ञानिक इतिहास और उसकी वर्तमान प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। डॉ. धीमान ने इस वर्ष के आई.आई.एस.एफ विषय “विज्ञान से समृद्धि: आत्मनिर्भर भारत के लिए” पर विस्तार से चर्चा की और सभी से वैश्विक कल्याण हेतु आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान आई.आई.एस.एफ में प्रस्तावित गतिविधियों, प्रदर्शनियों और प्रमुख आकर्षणों की जानकारी साझा की गई। छात्रों ने संस्थान का भ्रमण किया और वैज्ञानिकों के साथ संवाद कर विज्ञान की दुनिया को करीब से जाना। लगभग 300 विद्यार्थी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
