पालमपुर: सड़क पक्की करवाने पर ढिंड बस्ती के लोगों ने त्रिलोक कपूर का जताया आभार
प्रतिमा राणा। पालमपुर
ग्राम पंचायत दिओग्रां पंचायत की ढिंड बस्ती के लोगों का कहना है कि 25 वर्ष पहले बनी सड़क की सुध आज तक किसी ने नहीं ली थी। लाेग कई बार स्थानीय विधायक और विभाग से गुहार लगाते रहे, लेकिन न विभाग और न ही विधायक ने हमारे दुःख को समझा, लेकिन उसके बाद जब भाजपा प्रदेश महामंत्री और वूल फेडरेशन के चेयरमैन त्रिलोक कपूर के साथ पंचायत का प्रतिनिधि मंडल मिला और उनको अपनी व्यथा सुनाई, तो उन्होंने शीघ्र ही विभाग को इस सड़क को पक्की करने के आदेश दिए और सिर्फ आदेश ही नहीं हुए, बल्कि बहुत कम समय में इस सड़क को पक्की करने का कार्य भी संपन्न हो गया। गांव के लोगों ने कहा कि हमारे लिए बहुत गौरव की बात है कि पालमपुर में कोई ऐसा नेता भी है, जो लोगों के दुःख-दर्द को समझता है और जैसा कि कपूर बारे में कहा जाता है।
वैसी ही कार्यशैली के साथ वह लोगों की समस्याओं को हल भी करते हैं और इसी को लेकर आज गांव के लोगों ने त्रिलोक कपूर का धन्यवाद करने के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस मौके पर गांव के लोगों ने गांव व पंचायत की विभिन्न समस्याओं से त्रिलोक कपूर को अवगत करवाया, जिसमें अधिकतर समस्याओं का कपूर द्वारा मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। लोगों को संबोधित करते हुए त्रिलोक कपूर ने कहा कि यह दुर्भाग्य की बात है कि आज तक इस गांव के लोग पक्की सड़क से वंचित रहे, जबकि नरेंद्र मोदी की सरकार द्वारा पूरे देश में सड़कों का जो जाल बिछाया जा रहा है, उससे पूरी दुनिया प्रभावित है।
आज चाइना के बॉर्डर तक हाईवे बनकर तैयार हो गए हैं। कपूर कहा कि सड़क तो पक्की हो गई। गांव के लोगों ने पानी की समस्या से भी मुझे अवगत करवाया था। मैं गांव के लोगों को बधाई देना चाहता हूं कि यहां पर 16 लाख रुपए की लागत से एक ओवर हेड टैंक का निर्माण हो चुका है और बहुत ही जल्द एक ट्यूबल लगाने का कार्य भी संपन्न होगा, जिससे पंचायत के लोगों को पानी की समस्या से दुःखी नहीं होना पड़ेगा। कपूर ने लोगों को विश्वास दिलाया कि भाजपा सरकार हर व्यक्ति की समस्या के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है।
