धर्मशाला : पेट्रोल-डीजल में फिर 80 पैसे की हुई बढ़ाेतरी, जाने कितनी हाेगी कीमत
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश में 80 पैसे की बढ़ोतरी हुई है। हिमाचल प्रदेश के दूसरे मुख्य शहर धर्मशाला में पहले पेट्रोल 94.88 रुपये प्रति लीटर था अब इसका भाव 95.68 रुपये प्रति लीटर हो गया है। राजाेल स्थित रिलायंस के पेट्राल पंप में भी इतनी ही बढ़ोतरी हुई है। रूस यूक्रेन युद्ध के कारण बिगड़े हालात के बीच क्रूड आयल की कीमतों में बढ़ोतरी के बीच देशभर में पेट्राेल और डीजल की कीमत बढ़ गई है। देश में 137 दिनों के बाद पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़े हैं।
धर्मशाला में इंडेन आयल के पंप पर अब पेट्रोल सामान्य 95.66 रुपए व स्पीड पेट्रोल 98.20 रुपए तथा डीजल 80.38 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। पंजाब से सटे ऊना जिला के गगरेट में किसान सेवा केंद्र पेट्रोल पंप में डीजल 78.73 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। रूस-यूक्रेन युद्ध के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में पेट्रोल और डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। देश में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव के कारण अब तक पेट्रोल डीजल के दाम में बढ़ोतरी नहीं हो सकी थी, लेकिन दस मार्च को चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद से ही पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी तय मानी जा रही थी। यही आशंका बनी हुई थी कि सरकार कभी भी कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा कर सकती है। इस बीच कीमतों में बढ़ोतरी की घोषणा कर दी गई। हालांकि यह बढ़ोतरी ज्यादा नहीं है। लोगों पर इसका ज्यादा आर्थिक भार नहीं पड़ेगा। जिस तरह से अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमतें बढ़ रही है, ऐसे में क्यास यही लगाए जा रहे थे कि कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो सकती है।
