राजकीय महाविद्यायल कण्डाघाट के लगभग 8 करोड़ रूपये की लागत से बने भवन का लोकार्पण
शिक्षा, विधि एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने युवाओ का आह्वान किया कि वे विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर प्राप्त शिक्षा को रोजगार का माध्यम बनाने के साथ-साथ समाज व देशहित में प्रयोग करें ताकि समग्र विकास के साथ-साथ सम्पन्न राष्ट्र की परिकल्पना को साकार किया जा सके। सुरेश भारद्वाज आज सोलन जिला के कण्डाघाट स्थित राजकीय महाविद्यालय के प्रथम वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह की अध्यक्षता कर रहे थे। सुरेश भारद्वाज ने इससे पूर्व राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस भवन निर्माण पर 7.97 करोड़ रुपये व्यय हुए हैं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा ही व्यक्ति को समग्र रूप से बुद्धिमान एवं क्रियावान बनाती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह प्रयास कर रही है कि युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों एवं हिमाचली लोकाचार एवं संस्कृति की भी जानकारी प्राप्त हो। इसका उद्देश्य युवा पीढ़ी को देश का सबल एवं उत्तरदायी नागरिक बनाना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयास तभी फलीभूत होंगे जब अध्यापकों और अभिभावकों का पूर्ण सहयोग प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि अभिभावक जहां बच्चों को घर पर लोकाचार एवं पारिवारिक मूल्यों पर दृढ़ रहना सीखा सकते हैं वहीं विद्यालय एवं महाविद्यालय स्तर पर अध्यापक छात्रों को नैतिक मूल्यों की जानकारी प्रदान कर सकते हैं। सुरेश भारद्वाज ने कहा कि भारत को विश्व गुरू माना जाता रहा है और इसका श्रेय हमारी प्राचीन शिक्षा पद्धति एवं गुरू-शिष्य परम्परा को जाता है। उन्हांेने कहा कि हमें अपने विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को ऐसे शिक्षा मंदिर के रूप में स्थापित करना है जहां छात्र आधुनिक एवं नैतिक मूल्यों की शिक्षा प्राप्त कर सकें। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि देश व प्रदेश के विकास के लिए एकजुट होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि छात्रों को सदैव नशे से दूर रहने का संकल्प लेना होगा और जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सदैव कार्यरत रहना होगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि वर्तमान प्रदेश सरकार हिमाचल प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही है। एक ओर जहां ग्रामीण स्तर तक शिक्षा अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है वहीं चरणबद्ध आधार पर विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में शिक्षकों के खाली पड़े पद भरे जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए इस अवधि में 7100 नए अध्यापक भर्ती किए गए हैं। प्राथमिक स्तर पर प्री-नर्सरी कक्षाएं आरम्भ की गई हैं। इसका उद्देश्य शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाना है। उन्होंने कहा कि मण्डी व शिमला से कलस्टर कक्षाएं आरम्भ की जा चुकी हैं। सुरेश भारद्वाज ने राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट में विज्ञान विषय में कक्षाएं आरम्भ करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय की चार दीवारी के लिए प्राक्कलन तैयार होते ही समुचित धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने महाविद्यालय के प्रथम वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह के आयोजन के लिए सभी को बधाई दी और मेधावी छात्रों को सम्मानित किया। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 51 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की।
सुरेश भारद्वाज ने इस अवसर पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को इनके निपटारे के निर्देश दिए। सोलन के विधायक डॉ. कर्नल धनीराम शांडिल ने इस अवसर पर कहा कि शिक्षा व्यक्ति को किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार करती है। उन्होंने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को अपनी ऐच्छिक निधि से 21 हजार रुपये प्रदान करने की घोषणा की। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं सोलन से भाजपा उम्मीदवार रहे डॉ. राजेश कश्यप ने इस अवसर पर क्षेत्र के कोट कदौर विद्यालय के 82 लाख रुपये स्वीकृत करने, कण्डाघाट क्षेत्र में विभिन्न विद्यालयों में अध्यापकों के खाली पद भरने के लिए शिक्षा मंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों की समस्याओं की शिक्षा मंत्री को जानकारी दी। उन्होंने कण्डाघाट महाविद्यालय में विज्ञान की कक्षाएं आरंभ करने का आग्रह भी किया। भाजपा मंडल सोलन के अध्यक्ष मदन ठाकुर, उपाध्यक्ष गुरविंद्र सिंह, धर्मेंद्र ठाकुर एवं चंद्रकांत शर्मा, महामंत्री भरत साहनी, संजीव सूद, नरेंद्र ठाकुर, जिला भाजपा सचिव तीर्थानंद, दुग्ध सुधार सभा समिति सोलन के अध्यक्ष रविंद्र परिहार, भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ के प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य नंदराम कश्यप, चायल होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र वर्मा, एपीएमसी सोलन के किशन वर्मा, ग्राम पंचायत सिरीनगर के प्रधान अमित ठाकुर, उप प्रधान मनीष सूद, एपीएमसी सोलन के पूर्व अध्यक्ष रमेश ठाकुर, अध्यापक-अभिभावक संघ के अध्यक्ष लायक राम, उपाध्यक्ष मेदराम, सचिव मदन शांडिल, उपमंडलाधिकारी सोलन डॉ. संजीव धीमान, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता एसपी जगोता, उपनिदेशक उच्च शिक्षा योगेंद्र मखैक, उपपिदेशक प्रारंभिक शिक्षा श्रवण चौधरी, उपशिक्षा अधिकारी चंद्रमोहन शर्मा, राजकीय महाविद्यालय कण्डाघाट की प्रधानाचार्य नविता गौतम सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, भाजपा एवं भाजयुमो के विभिन्न पदाधिकारी, अभिभावक तथा छात्र इस अवसर पर उपस्थित थे।
.
