कांगड़ा ग्रीष्मोत्सव की तैयारियां शुरू, स्टाल की आवंटन प्रक्रिया आरंभ-एडीएम
पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर मिलेगा स्टॉल
फर्स्ट वर्डिक्ट। धर्मशाला
धर्मशाला के पुलिस मैदान में कांगड़ा वैली ग्रीष्मोत्सव की तैयारियां आरंभ हो गई हैं। शुक्रवार से स्टाल के आवंटन प्रक्रिया भी आरंभ कर दी गई है। यह जानकारी देते हुए एडीएम रौहित राठौर ने बताया कि पुलिस मैदान में करीब 224 स्टाल स्थापित किए जाएंगे। इसके लिए पहले आओ पहले पाओ के आधार पर स्टाल का आवंटन किया जाएगा। एडीएम रोहित राठौर ने बताया कि यह स्टाल दो जून से लेकर नौ जून तक लगाए जाएंगे। इसके अतिरिक्त फूड कार्नर अलग से स्थापित किए जाएंगे, जिस के लिए भी आवंटन प्रक्रिया आरंभ हो चुकी है। एडीएम रोहित राठौर ने कहा कि स्टॉल लगाने के इच्छुक व्यक्ति जिला प्रशासन या तहसीलदार धर्मशाला से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि कार्नर के स्टाल की कीमत 12 हजार, जबकि बीच के स्टाल की कीमत दस हजार निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि झूले इत्यादि का आवंटन नीलामी प्रक्रिया के माध्यम से कर दिया गया है। एडीएम रोहित राठौर ने कहा कि कांगड़ा ग्रीष्मोत्सव को आकर्षक बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है, जिसके चलते ही बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले इत्यादि स्थापित किए जाएंगे। लोग स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ भी उठा सकते हैं। इसके साथ ही व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा।
