प्रियंका धीमान ने बी.ए. परीक्षा में प्रदेश में हासिल किया छठा स्थान, ज्वालामुखी कॉलेज और क्षेत्र को किया गौरवान्वित

स्वतंत्रता सेनानी पंडित सुशील रत्न राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी कॉलेज की बी.ए. अंतिम वर्ष की छात्रा प्रियंका धीमान ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित 2024-25 की परीक्षा में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान प्राप्त कर महाविद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
प्रियंका ने अपनी इस उत्कृष्ट उपलब्धि का श्रेय अपने गुरुजनों और माता-पिता को दिया। उन्होंने कहा कि यह सफलता उनके शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के निरंतर समर्थन के बिना संभव नहीं थी। इस गौरवपूर्ण अवसर पर महाविद्यालय परिवार के सभी सदस्यों ने प्रियंका धीमान और उनके परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। महाविद्यालय प्राचार्य डॉ सुशील कुमार बस्सी ने प्रियंका की इस सफलता को प्रेरणास्रोत बताया और अन्य छात्रों को भी इसी प्रकार परिश्रमपूर्वक अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। स्थानीय विधायक संजय रत्न ने भी प्रियंका धीमान को इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने छात्रा के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आशा जताई कि प्रियंका आगे भी इसी तरह प्रदेश और देश का नाम रोशन करती रहेंगी।