काँगड़ा : ज्वालाजी, देहरा और जसवां परागपुर की जनता ने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का किया स्वागत
काँगड़ा : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर की जन आशिर्वाद यात्रा रविवार को ज्वालामुखी, देहरा और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र में पहुंची। इस अवसर पर उद्योग मंत्री बिक्रम ठाकुर, योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं ज्वालामुखी के विधायक और पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि ने उनका स्वागत किया। ज्वालामुखी, कुंडलिहार और रक्कड़ में जनसभाओं को संबोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने क्षेत्र की जनता का आभार व्यक्त किया। सभा को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार ने हिमाचल प्रदेश के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी और आगे भी प्रदेश के विकास में किसी प्रकार की कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनको दी गई यह जिम्मेदारी पूरे प्रदेश के लिए सम्मान है।
तीनों विधानसभा क्षेत्रों में लगभग 25 स्थानों में क्षेत्र की जनता ने पूरी गर्मजोशी से केंद्रीय मंत्री का स्वागत किया। लोगों का हुजूम और स्नेह को देखकर उन्होंने कहा कि अपने राजनीतिक जीवन में आजतक ऐसा वातावरण नहीं देखा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रदेश की जनता का आशिर्वाद लेने के लिए उन्हें यहां भेजा और प्रदेश की जनता ने उनकी कल्पना और अपेक्षा से अधिक स्नेह दिया। कार्यक्रम में भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, पूर्व मंत्री रविंद्र सिंह रवि, भाजपा प्रदेश महासचिव त्रिलोक कपूर, ज़िला भाजपा अध्यक्ष संजीव शर्मा, मण्डल अध्यक्ष ज्वालामुखी मानसिंह राणा, मंडलाध्यक्ष जसवां परागपुर विनोद शर्मा, मंडलाध्यक्ष देहरा निर्मल सिंह सहित भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
