राजगढ़ : पझौता में 40 लोग हुए कांग्रेस में शामिल - जीआर मुसाफिर

प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा चलाए गये कार्यक्रम "अपना बूथ सबसे मजबूत" के अंतर्गत मंगलवार को पूर्व विधानसभा अध्यक्ष जीआर मुसाफिर की मौजूदगी में 40 लोगो ने कांग्रेस का दामन थामा। यह जानकारी मण्डल महासचिव सुधीर ठाकुर ने दी। सुधीर ने बताया कि आज जीआर मुसाफिर ने पझौता ज़ोन का दौरा किया। इस दौरान पझौता ज़ोन की पंचायतों में पोलिंग बूथ में जाकर जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं के विचार सुने वही उनकी समस्याओं से भी अवगत हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विकासकार्य ठप्प पडे है, सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। आमजनमानस मॅहगाई और बेरोजगारी से त्रस्त है और सरकार और उसके नुमांइदे सिर्फ अपनी वाहवाही करने में मस्त है। प्रदेश को दिन-प्रतिदिन कर्ज में डुबाया जा रहा है और धरातल पर कोई विकासकार्य नजर नही आ रहे है। सड़कों की हालत दयनीय है और स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा रही है। कार्यालयों को अपग्रेड किया जा रहा है परंतु ना तो स्टाफ है और ना ही भवन उपलब्ध है। सिर्फ कोरी घोषणाएं करके जनता को गुमराह किया जा रहा है। उपचुनावों में किए गए वादे जुमले साबित हुए है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की नाकामियों को जन-जन तक पहुँचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब बदलाव की लहर हैं और 2022 में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार भारी बहुमत से बनने जा रही है। इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष बेलीराम शर्मा, ज़ोन अध्यक्ष सुनील कंवर, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष दुर्गा सिंह, अनिल ठाकुर, जीवन सिंह, अमर सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।